home page

इंदौर के लालबाग पैलेस में खुदाई के दौरान मिली जमीन में दबी पुरानी तिजोरी, होलकर राजघराने से जुड़ाव की चर्चा

 | 
इंदौर के लालबाग पैलेस में खुदाई के दौरान मिली जमीन में दबी पुरानी तिजोरी, होलकर राजघराने से जुड़ाव की चर्चा


इंदौर, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के ऐतिहासिक लालबाग पैलेस परिसर में मंगलवार सुबह खुदाई के दौरान जमीन में दबी एक पुरानी तिजोरी मिली। सड़क और दीवार निर्माण के लिए खुदाई कर रहे कर्मचारियों की नजर मिट्टी में दबी इस तिजोरी पर पड़ी। इसके बाद कर्मचारियों ने उसे बाहर निकलवाकर परिसर में सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

लालबाग पैलेस का संबंध होलकर राजघराने के इतिहास से रहा है। ऐसे में यहां जमीन के नीचे पुरानी तिजोरी मिलने के बाद इसके राजपरिवार से जुड़े होने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, तिजोरी किस दौर की है और इसका होलकर राजघराने से कोई संबंध है या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

निर्माण कार्य के दौरान नजर आई तिजोरी

पैलेस परिसर में इन दिनों सड़क और दीवार निर्माण का काम चल रहा है। मंगलवार सुबह इसी काम के लिए खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान कर्मचारियों को जमीन के अंदर एक पुरानी तिजोरी दिखाई दी। मिट्टी हटाने पर तिजोरी का आकार स्पष्ट हुआ तो मौके पर मौजूद कर्मचारी भी उसे देखने के लिए जुट गए। इसके बाद एहतियात के तौर पर उसे बाहर निकलवाकर सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया गया। कर्मचारी मोहन नावरे ने बताया कि सुबह सड़क और दीवार निर्माण के लिए खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान जमीन के अंदर से पुराने समय की तिजोरी निकली। कर्मचारियों ने तत्काल उसे बाहर निकलवाकर एक तरफ सुरक्षित रखवा दिया।

होलकर राजघराने के इतिहास से जुड़ा है पैलेस

लालबाग पैलेस इंदौर के होलकर राजघराने की ऐतिहासिक विरासत का प्रमुख केंद्र है। महल की ऐतिहासिक पहचान को देखते हुए तिजोरी मिलने की घटना ने लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है। इसे लेकर चर्चा है कि कहीं इसका संबंध राजपरिवार के पुराने दौर से तो नहीं है। हालांकि, तिजोरी के भीतर क्या है, यह भी फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

अधिकारियों के निरीक्षण के बाद सामने आएगी जानकारी

चौकीदार धर्मेंद्र यादव ने बताया कि परिसर में निर्माण और सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान कर्मचारियों ने जमीन से तिजोरी निकलने की जानकारी दी। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर रखवाकर संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई। फिलहाल तिजोरी की उम्र, उसके भीतर मौजूद सामग्री और ऐतिहासिक महत्व को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। संबंधित विभाग के अधिकारियों के निरीक्षण के बाद ही इसकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। त

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे