हेरिटेज वॉक में स्टूडेंट्स ने करीब से जानी इंदौर की ऐतिहासिक विरासत, स्मारकों के इतिहास और स्थापत्य से कराया परिचित
इंदौर, 21 नवंबर (हि.स.)। विश्व धरोहर सप्ताह-2026 के तहत शनिवार को इंदौर में हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और शहर की ऐतिहासिक धरोहरों को करीब से जाना।
वॉक की शुरुआत बोलिया सरकार की छत्री से हुई। यहां विद्यार्थियों को स्मारक के इतिहास, स्थापत्य कला और उसकी विशेषताओं की जानकारी दी गई। इसके बाद सभी पैदल कृष्णपुरा छत्री पहुंचे और अंत में राजबाड़ा पर वॉक का समापन हुआ। यहां विद्यार्थियों को इंदौर के ऐतिहासिक विकास और विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं से परिचित कराया गया।
यह आयोजन मध्यप्रदेश शासन के संचालनालय पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय, भोपाल के तत्वावधान में किया गया। सेंटर म्यूजियम इंदौर के संग्राध्यक्ष आशुतोष महाशब्दे ने बताया कि विश्व धरोहर सप्ताह के दौरान हर साल प्रदेशभर में विरासत संरक्षण और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में इंदौर में दो हेरिटेज वॉक रखी गई हैं। पहली वॉक शनिवार को आयोजित हुई, जबकि दूसरी रविवार को लालबाग पैलेस में होगी।
छत्रियों की स्थापत्य कला और ऐतिहासिक महत्व को समझा
सुबह विद्यार्थी बोलिया सरकार की छत्री पर एकत्रित हुए। यहां उन्हें छत्री के निर्माण, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और स्थापत्य संबंधी विशेषताओं के बारे में बताया गया। इसके बाद विद्यार्थी पैदल कृष्णपुरा छत्री पहुंचे। यहां स्मारक की बनावट और ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी गई। वॉक के अंतिम पड़ाव राजबाड़ा में विद्यार्थियों को होलकरकालीन इतिहास और इंदौर की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों से अवगत कराया गया।
आर्किटेक्चर कॉलेज और ओल्ड जीडीसी के विद्यार्थी हुए शामिल
हेरिटेज वॉक में ओल्ड जीडीसी, आर्किटेक्चर कॉलेज और सेंटर टूरिज्म डिपार्टमेंट से जुड़े विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। महाशब्दे ने बताया कि कई विद्यार्थियों ने इन ऐतिहासिक स्मारकों को पहले बाहर से देखा था, लेकिन उनके इतिहास और स्थापत्य की बारीकियों से परिचित नहीं थे। इस आयोजन के माध्यम से उन्हें स्मारकों को करीब से देखने और उनके महत्व को समझने का अवसर मिला।
रविवार को लालबाग पैलेस में होगी दूसरी वॉक
विश्व धरोहर सप्ताह के तहत रविवार को दूसरी हेरिटेज वॉक आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थियों को लालबाग पैलेस का भ्रमण कराया जाएगा और उसके इतिहास, निर्माण शैली तथा स्थापत्य कला की जानकारी दी जाएगी। महाशब्दे के अनुसार, इन आयोजनों का उद्देश्य लोगों को अपनी ऐतिहासिक धरोहरों से जोड़ना और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में चित्रकला प्रतियोगिता, हेरिटेज वॉक, कार्यशालाओं और व्याख्यानमालाओं का आयोजन भी किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

