इंदौर में हार्डवेयर कारोबारी ने खुद को गोली मारकर की खुदकुशी, विदेश जाने को लेकर पति-पत्नि में हुआ था विवाद
इंदौर, 04 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर के शांति निकेतन टाउनशिप में रविवार देर रात एक दुखद घटना सामने आई है। शहर के जाने-माने हार्डवेयर व्यवसायी सुधीर पाटनी (62) ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में सुसाइड का कारण पति-पत्नी के बीच बच्चों से मिलने विदेश जाने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।
डीसीपी (जोन-2) अमरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि सुधीर पाटनी और उनकी पत्नी के बीच रविवार रात करीब 12 बजे तीखी बहस हुई थी। विवाद की मुख्य वजह पत्नी का विदेश दौरा था। सुधीर की पत्नी आज दोपहर की फ्लाइट से अमेरिका जाने वाली थीं, जहां उनके बेटा और बेटी रहते हैं। वह लंबे समय से बच्चों से मिलने के लिए विदेश जाने की तैयारी कर रही थीं। जबकि सुधीर पाटनी उन्हें जाने से मना कर रहे थे और चाहते थे कि वह उनके साथ ही इंदौर में रुकें। इसी असहमति ने देर रात बड़े विवाद का रूप ले लिया।
कमरे में जाकर खुद को मारी गोली
विवाद के बाद सुधीर पाटनी गुस्से में अपने कमरे में चले गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ ही देर बाद गोली चलने की आवाज आई। जिस वक्त यह घटना हुई, उनकी पत्नी घर के दूसरे हिस्से में थीं। जब वह भागकर कमरे में पहुंचीं, तो सुधीर लहूलुहान अवस्था में पड़े थे। उनके सिर में गोली लगी थी और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
बच्चों के आने का इंतजार, सुरक्षित रखा गया शव
62 वर्षीय सुधीर पाटनी शहर के एक प्रतिष्ठित व्यवसायी थे और बॉम्बे हॉस्पिटल के पीछे स्थित पॉश टाउनशिप में रहते थे। इंदौर में उनके परिवार का कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं है, क्योंकि उनके दोनों बच्चे अमेरिका में ही बस चुके हैं। पुलिस ने एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव को सुरक्षित रखवा दिया है। अमेरिका में रह रहे बेटा-बेटी को घटना की जानकारी दे दी गई है। उनके इंदौर पहुंचने के बाद ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
एरोड्रम थाना पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि क्या विवाद के पीछे कोई और कारण था या केवल विदेश जाने की बात पर ही कारोबारी ने इतना बड़ा कदम उठा लिया। मौके से सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

