इंदौर: जर्जर मकान खाली कराने महिला के पैरों में बैठे निगम अधिकारी, समझाइश के बाद चला बुलडोजर
बारिश में हादसे की आशंका पर परदेशीपुरा में कार्रवाई, 2021 से जारी थे नोटिस
इंदौर, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में लगातार बारिश के बीच संभावित हादसों को रोकने के लिए नगर निगम ने जर्जर भवनों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को परदेशीपुरा क्षेत्र में एक खतरनाक घोषित मकान को हटाने पहुंची निगम की टीम को परिवार के विरोध का सामना करना पड़ा। काफी देर तक समझाइश के बावजूद जब परिवार मकान खाली करने को तैयार नहीं हुआ तो रिमूवल प्रभारी ने महिला के पैरों में बैठकर उससे मकान खाली करने की भावुक अपील की। इसके बाद परिवार ने मकान खाली किया और निगम ने पुलिस की मौजूदगी में भवन को ध्वस्त कर दिया।
नगर निगम की रिमूवल टीम वर्मा नर्सिंग होम के पास स्थित रतिराम खटके के जर्जर मकान को हटाने पहुंची थी। अधिकारियों ने बताया कि भवन को पहले भी कई बार नोटिस जारी किए जा चुके थे। लगातार बारिश के कारण मकान के कभी भी ढहने और जनहानि की आशंका को देखते हुए कार्रवाई की गई। मकान में रह रही महिला का कहना था कि घर खाली करने से पहले सामान रखने की व्यवस्था की जाए। इस पर रिमूवल प्रभारी बबलू कल्याणे स्वयं मकान के भीतर गए, सामान का जायजा लिया और परिवार को भरोसा दिलाया कि उनका सामान पास की दुकान में सुरक्षित रखवा दिया जाएगा। इसके बावजूद महिला मकान छोड़ने को तैयार नहीं हुई।
भावुक अपील के बाद मानी महिला
स्थिति को देखते हुए रिमूवल प्रभारी बबलू कल्याणे महिला के पैरों में बैठ गए और उससे परिवार की सुरक्षा का हवाला देते हुए मकान खाली करने की अपील की। अधिकारियों की भावुक अपील और लगातार समझाइश के बाद आखिरकार परिवार मकान खाली करने के लिए राजी हो गया। इसके बाद निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर जर्जर भवन को ढहा दिया।
चार साल से दिए जा रहे थे नोटिस
रिमूवल अधिकारी अंकेश बिरथरिया ने बताया कि संबंधित भवन को वर्ष 2021 से लगातार नोटिस जारी किए जा रहे थे। चार दिन पहले किए गए निरीक्षण में भवन की नींव कमजोर और पूरी संरचना अत्यंत जर्जर पाई गई थी। करीब दो हजार वर्गफीट क्षेत्र में बने इस मकान में अलग-अलग परिवार रह रहे थे। परिवार के मकान खाली नहीं करने के कारण पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करनी पड़ी। नगर निगम का कहना है कि बारिश के मौसम में शहर के अन्य जर्जर और खतरनाक भवनों के खिलाफ भी अभियान जारी रहेगा, ताकि किसी संभावित दुर्घटना और जनहानि को रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

