इंदौर में जर्जर भवनों पर निगम की कार्रवाई तेज, दो स्थानों पर हटाए खतरनाक हिस्से
बारिश में हादसों की आशंका के बीच अभियान जारी, दो थानों का पुलिस बल रहा तैनात
इंदौर, 07 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर में लगातार हो रही बारिश के बीच संभावित हादसों को रोकने के लिए नगर निगम ने शहर में चिन्हित जर्जर भवनों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को निगम की टीम ने जोन क्रमांक-12 में दो स्थानों पर कार्रवाई करते हुए खतरनाक भवनों के जर्जर हिस्सों को हटाया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दो थानों का पुलिस बल तैनात रहा।
भवन अधिकारी राहुल रघुवंशी ने बताया कि पहली कार्रवाई करीब एक हजार वर्गफीट क्षेत्रफल वाले एक जर्जर भवन पर की गई। भवन मालिक को 26 जून को नोटिस जारी कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए गए थे। हाल ही में भवन का छज्जा गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त होने की शिकायत मिली थी। निरीक्षण में भवन को अत्यधिक जर्जर और लोगों के लिए खतरनाक पाए जाने के बाद उसके असुरक्षित हिस्से को हटाया गया।
नंदलालपुरा में भी हटाया गया जर्जर निर्माण
नगर निगम ने नंदलालपुरा स्थित सोमवंती समाज की भूमि पर बने पुराने एवं जर्जर निर्माण को भी हटाया। अधिकारियों के अनुसार भवन को वर्ष 2022-23 से लगातार नोटिस जारी किए जा रहे थे, लेकिन न तो मरम्मत कराई गई और न ही सुरक्षा संबंधी आवश्यक कार्य किए गए। इसके बाद 14 जून को अंतिम नोटिस जारी किया गया था। बारिश के दौरान भवन के ढहने की आशंका को देखते हुए मंगलवार को रिमूवल की कार्रवाई की गई।
भारी मशीनरी के साथ चला अभियान
कार्रवाई के दौरान निगम की दो से तीन रिमूवल टीमें, एक पोकलेन मशीन और दो जेसीबी की मदद से जर्जर हिस्सों को हटाया गया। अधिकारियों ने बताया कि शहर में चिन्हित अन्य खतरनाक भवनों के खिलाफ भी अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि बारिश के मौसम में किसी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना की आशंका को टाला जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

