इंदौर: नियमितीकरण की मांग पर दूसरे दिन भी निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन, कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
इंदौर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में सफाई कर्मचारियों का नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी और चारों पंचायतों के पदाधिकारी नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। कर्मचारियों ने घंटों धूप में बैठकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इनमें बड़ी संख्या में महिला सफाई मित्र भी शामिल रहीं।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल को ज्ञापन सौंपा। कमिश्नर ने कर्मचारियों की मांगें सुनीं और निगम स्तर की मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि 2 से 4 दिन में मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे हड़ताल पर जाएंगे।
चारों पंचायतों के पदाधिकारी भी पहुंचे
महावाल्मिकी पंचायत, वरिष्ठ जमींदारी पंचायत, सकल छावनी पंचायत और महामना लश्करी पंचायत के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी निगम मुख्यालय पहुंचे। कर्मचारियों ने नियमितीकरण सहित अन्य मांगों को लेकर लगातार नारेबाजी की। महिला सफाई मित्र भी लंबे समय तक धूप में बैठी रहीं।
सकल छावनी पंचायत अध्यक्ष पटेल लेखराज नरवले ने कहा कि चारों पंचायतों और सफाई कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया है। निगम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी मांगों को लेकर ज्ञापन दिया जा चुका है। नरवले के मुताबिक, कमिश्नर ने पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मांगों पर चर्चा करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि यदि 2 से 4 दिन में मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो सफाई कर्मचारी हड़ताल करेंगे।
कमिश्नर बोले- निगम स्तर की मांगों पर कार्रवाई
प्रदर्शन के बीच निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल निगम मुख्यालय पहुंचे और कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल से ज्ञापन लिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों का ज्ञापन प्राप्त हुआ है। निगम स्तर से जुड़ी मांगों पर काम किया जा चुका है, जबकि शासन स्तर की मांगों के लिए पहले ही प्रस्ताव भेजा गया है। इन मांगों को लेकर एक बार फिर शासन स्तर पर चर्चा की जाएगी, ताकि जल्द निराकरण कराया जा सके।
सोमवार को भी हुआ था प्रदर्शन
इससे पहले सोमवार को वाल्मिकी सेना के बैनर तले सफाई कर्मचारियों ने निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन किया था। कर्मचारियों ने अपर आयुक्त प्रखर सिंह को ज्ञापन सौंपकर मांगों के निराकरण की मांग की थी। वाल्मिकी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर संतोष कल्याणे ने पांच दिन की हड़ताल की घोषणा भी की थी। सोमवार को दिनभर निगम मुख्यालय के बाहर डटे कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए मुख्यालय के गेट पर चूड़ियां फेंकी थीं और कमिश्नर के खिलाफ नारेबाजी की थी। मंगलवार को दूसरे संगठनों के आह्वान पर भी कर्मचारी प्रदर्शन में शामिल हुए और आंदोलन को आगे बढ़ाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

