home page

महंगाई के खिलाफ इंदौर कांग्रेस का 22 ब्लॉकों में प्रदर्शन आज, शक्कर-पेट्रोल-गैस और बिजली के दाम पर सरकार को घेरेगी

 | 
महंगाई के खिलाफ इंदौर कांग्रेस का 22 ब्लॉकों में प्रदर्शन आज, शक्कर-पेट्रोल-गैस और बिजली के दाम पर सरकार को घेरेगी


इंदौर, 27 अगस्त (हि.स.)। बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर इंदौर शहर कांग्रेस आज गुरुवार को शहर के सभी 22 ब्लॉकों में प्रदर्शन करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर होने वाले इस आंदोलन में कांग्रेस कार्यकर्ता शक्कर, पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण, घरेलू गैस सिलेंडर और बिजली की बढ़ी दरों को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे। प्रदर्शन सुबह 10 बजे से विभिन्न स्थानों पर होंगे।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि आंदोलन को लेकर सभी 22 ब्लॉकों में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। शहर कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में प्रदर्शन में शामिल होंगे। कांग्रेस का कहना है कि शक्कर के दाम बढ़ने से आम परिवारों का रसोई बजट प्रभावित हुआ है। चौकसे ने दावा किया कि शक्कर की कीमत में 30 से 35 रुपए प्रति किलो तक की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के सीजन में इसका असर और अधिक दिखाई देगा। रक्षाबंधन के बाद गणेश चतुर्थी, श्राद्ध पक्ष, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे त्योहार आने वाले हैं, ऐसे में शक्कर की बढ़ी कीमत सीधे परिवारों के बजट पर असर डालेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने विरोध से बचने के लिए कीमतों में मामूली कमी की है, लेकिन इससे आम उपभोक्ताओं को पर्याप्त राहत नहीं मिली है।

एथेनॉल मिश्रण और पेट्रोल की कीमत भी मुद्दा

कांग्रेस पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को लेकर भी सरकार से सवाल करेगी। चौकसे ने आरोप लगाया कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से वाहनों की माइलेज और रखरखाव पर असर पड़ रहा है। उनका कहना है कि रोजाना वाहन से आजीविका कमाने वाले लोगों पर ईंधन और वाहन रखरखाव की बढ़ती लागत का अतिरिक्त भार पड़ रहा है।

बिजली बिल को लेकर भी विरोध

बिजली की बढ़ी दरों और उपभोक्ताओं पर बढ़ते बिल के मुद्दे को भी प्रदर्शन में प्रमुखता से उठाया जाएगा। चौकसे ने आरोप लगाया कि बिजली चोरी से होने वाले नुकसान का भार ईमानदारी से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ते बिजली बिलों से आम परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है।

महंगे गैस सिलेंडर का मुद्दा भी उठेगा

घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत को लेकर भी कांग्रेस सरकार को घेरने की तैयारी में है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि रसोई गैस की बढ़ती कीमतों का सीधा असर घरेलू बजट पर पड़ रहा है। पार्टी इन सभी मुद्दों को लेकर सरकार से राहत की मांग करेगी।

22 स्थानों पर होगा प्रदर्शन

कांग्रेस के अनुसार सुबह 10 बजे शहर के 22 स्थानों पर प्रदर्शन होंगे। इनमें चंदन नगर पेट्रोल पंप, बाणगंगा पेट्रोल पंप के पास, स्कीम नंबर 51 पुलिस चौकी के पास, एरोड्रम 60 फीट रोड स्थित एमपी पब्लिक स्कूल के पास, मंगल नगर पेट्रोल पंप-आम वाला चौराहा, परदेशीपुरा चौराहा, स्कीम नंबर 54 पावर हाउस-कस्तूरी सभागृह, रोबोट चौराहा, स्कीम नंबर 78 टेंपो स्टैंड, छावनी चौराहा, हरसिद्धि मंदिर रोड, राजबाड़ा पुलिस चौकी, माणिकबाग रोड पुलिस चौकी, गंगवाल बस स्टैंड-लाबरिया भेरू, महू नाका, फूटी कोठी चौराहा, तिलक नगर बैंक के पास, गीताभवन, विकास नगर थाना एमआईजी, मुसाखेड़ी पुराना टेंपो स्टैंड चौराहा, सिलिकॉन सिटी गेट और तेजाजी नगर चौराहा शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे