इंदौरः 300 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक अहिल्या बावड़ी के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य का रविवार को मुख्यमंत्री करेंगे लोकार्पण

इंदौर, 10 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत इंदौर जिले के कनाड़िया में स्थित माँ देवी अहिल्या बाई होलकर द्वारा निर्मित 300 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक बावड़ी का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कराया गया है। इंदौर विकास प्राधिकरण की इस परियोजना पर लगभग एक करोड़ रुपए की लागत आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 11 मई को इस ऐतिहासिक बावड़ी का लोकार्पण करेंगे।
यह कार्य जल संसाधन तुलसीराम सिलावट की पहल पर हुआ है। मंत्री सिलावट ने बताया कि यह बावड़ी न केवल ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इसकी भव्यता और सांस्कृतिक विरासत इसे एक संभावित प्रमुख पर्यटन केंद्र बनने की दिशा में अग्रसर करती है। इसकी सुंदरता और महत्व को देखते हुए इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और इंदौर की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर होगी। यह बावड़ी सांस्कृतिक धरोहर है। माँ अहिल्या बाई होलकर की स्मृति से जुड़ी यह संरचना जल संरक्षण का जीता-जागता उदाहरण है। यह जल गंगा संवर्धन अभियान की सफलता का भी एक प्रत्यक्ष उदाहरण है। वर्षों से उपेक्षित रही यह बावड़ी अब पुनर्जीवित होकर वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और ग्रामीण जल आपूर्ति के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।
बावड़ी के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना बनाकर तेज़ी से कार्य प्रारंभ करवाया गया। यह कार्य अब लगभग पूर्ण हो गया है। जल संरक्षण की यह पहल ना केवल इंदौर की समृद्ध विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक मील का पत्थर है, बल्कि यह जल संरक्षण, पर्यटन और सांस्कृतिक जागरूकता का सुंदर संगम भी है।
मुख्यमंत्री रविवार को इंदौर में विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 11 मई को इंदौर आयेंगे। वे यहाँ दिनभर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह पौने ग्यारह बजे इंदौर आयेंगे। वे सीधे रेसीडेंसी पहुँचेंगे तथा ज्यूडिशियरी के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे दशहरा मैदान पहुँचकर महापौर मेगा रोजगार मेले में शामिल होंगे। इसके बाद सिरपुर पहुंचकर स्वामी विवेकानंदजी की मूर्ति स्थापना के लिये भूमिपूजन करेंगे। बाद में वे कनाड़िया जायेंगे। यहाँ वे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जीर्णोद्धार की गयी अहिल्या बावड़ी का लोकार्पण करेंगे। तत्पश्चात ब्रिलियेंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सोशल मीडिया संबंधी कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे शाम को वायुयान द्वारा भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ.यादव तिरंगा यात्रा में होंगे शामिल
इंदौर में रविवार 11 मई को तिरंगा यात्रा निकाली जायेगी। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव इस तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। यह यात्रा बड़ा गणपति से प्रारंभ होकर गौराकुण्ड, खजूरी बाजार होते हुये राजबाड़ा तक पहुँचेगी।
कलेक्टर आशीष सिंह ने लिया तैयारियों का जायजा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 11 मई रविवार को इन्दौर में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों के माध्यम से कार्यक्रमों की तैयारियां की गई हैं। कलेक्टर आशीष सिंह ने आज अधिकारियो के दल के साथ कार्यक्रम स्थलों पर पहुँचकर तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम शिवम वर्मा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने रेसीडेंसी कोठी,दशहरा मैदान,सिरपुर और कनाडिया पहुँचकर तैयारियों का अवलोकन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर