home page

इंदौर में बेकाबू चार्टर्ड बस ढाबे की दीवार तोड़कर किचन में घुसी, ड्राइवर गंभीर घायल, कुछ यात्रियों को भी चोटें आईं

 | 
इंदौर में बेकाबू चार्टर्ड बस ढाबे की दीवार तोड़कर किचन में घुसी, ड्राइवर गंभीर घायल, कुछ यात्रियों को भी चोटें आईं


इंदौर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर में चंदन नगर थाना क्षेत्र में धार रोड पर रविवार सुबह एक चार्टर्ड बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित शेरे पंजाब ढाबे में जा घुसी। बस ढाबे की दीवार तोड़ते हुए सीधे किचन तक पहुंच गई। हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कुछ यात्रियों को भी चोटें आई हैं।

दुर्घटना के समय ढाबा बंद था, लेकिन उसके अंदर दो से तीन कर्मचारी सो रहे थे। बस के टकराने की तेज आवाज सुनकर कर्मचारी बाहर आए। गनीमत रही कि ढाबे में उस समय ग्राहकों की भीड़ नहीं थी।

पुलिस के मुताबिक, चार्टर्ड बस धार से इंदौर की ओर आ रही थी। रविवार सुबह करीब 7 बजे धार रोड पर पेट्रोल पंप के पास पहुंचने के दौरान चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस सड़क किनारे बने शेरे पंजाब ढाबे की दीवार तोड़ते हुए किचन में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि ढाबे की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और बस अंदर तक पहुंच गई। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मदद करते हुए यात्रियों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ यात्रियों को भी चोटें आईं। हादसे के बाद यात्री दूसरे वाहनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

हादसे के समय ढाबा बंद था और अंदर दो से तीन कर्मचारी सो रहे थे। बस के टकराने की आवाज सुनकर वे जागे और बाहर निकल आए। शेरे पंजाब ढाबे पर आमतौर पर दिन और रात में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में बस के ढाबे के अंदर घुसने से बड़ा हादसा हो सकता था। चंदन नगर पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल बस चालक और कंडक्टर के बयान दर्ज नहीं हुए हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बस अनियंत्रित किन परिस्थितियों में हुई। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे