home page

इंदौर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया कारों से भरा कंटेनर, तीन कारें जलकर खाक

 | 
इंदौर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया कारों से भरा कंटेनर, तीन कारें जलकर खाक


इंदौर, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में शनिवार को बायपास स्थित प्रेसिडेंट होटल के सामने बड़ा हादसा हो गया। हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से कारों से भरे कंटेनर में आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और कंटेनर में रखी तीन कारें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। कंटेनर हरियाणा से टाटा मोटर्स की कारें लेकर इंदौर आ रहा था।

जानकारी के मुताबिक, कंटेनर में कुल आठ कारें लोड थीं। इनमें से कई कारों की डिलीवरी पहले ही की जा चुकी थी। शेष बची तीन कारें कंटेनर में मौजूद थीं। इसी दौरान प्रेसिडेंट होटल के सामने कंटेनर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। इसके बाद उसमें आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि तीनों कारें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही कनाड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आना बताई जा रही है। हालांकि, कंटेनर बिजली लाइन की चपेट में किन परिस्थितियों में आया और हादसा कैसे हुआ, इसकी पुलिस जांच कर रही है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे