home page

इंदौर छावनी में रोड चौड़ीकरण के लिए फिर चला बुलडोजर, मथुरावाला बिल्डिंग समेत कई निर्माणों के बाधक हिस्से हटाए

 | 
इंदौर छावनी में रोड चौड़ीकरण के लिए फिर चला बुलडोजर, मथुरावाला बिल्डिंग समेत कई निर्माणों के बाधक हिस्से हटाए


इंदौर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर में मास्टर प्लान के तहत छावनी क्षेत्र में रोड चौड़ीकरण के लिए नगर निगम ने शुक्रवार सुबह एक बार फिर कार्रवाई की। निगम का अमला तीन पोकलेन और दो जेसीबी मशीनों के साथ छावनी चौराहे पहुंचा। यहां मथुरावाला बिल्डिंग समेत अन्य मकानों और प्रतिष्ठानों के रोड चौड़ीकरण में बाधक हिस्सों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। फिलहाल किसी विवाद की सूचना नहीं है।

नगर निगम की टीम ने सुबह छावनी चौराहे और आसपास के क्षेत्र में कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों के अनुसार, मास्टर प्लान में शामिल छावनी रोड के चौड़ीकरण के लिए जिन निर्माणों के बाधक हिस्से हटाए जाने बाकी थे, उन्हें हटाने की कार्रवाई की जा रही है। शुरुआत में कुछ हिस्सों को मैन्युअली हटाया गया, इसके बाद पोकलेन और जेसीबी की मदद ली गई। नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर प्रखर सिंह ने बताया कि रोड चौड़ीकरण के लिए लंबित रिमूवल कार्रवाई पूरी की जा रही है। उन्होंने बताया कि एक मकान का छज्जा और अन्य निर्माणों के बाधक हिस्से हटाए गए हैं।

मई में भी हुई थी कार्रवाई

छावनी क्षेत्र में रोड चौड़ीकरण को लेकर नगर निगम इससे पहले मई में भी रिमूवल कार्रवाई कर चुका है। इसके बाद सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू किया गया था। उस समय कार्रवाई को लेकर राजनीतिक विरोध भी हुआ था। कांग्रेस ने विरोध में क्षेत्र में जन अधिकार यात्रा निकाली थी। शुक्रवार को निगम ने लंबित बाधक हिस्सों को हटाने के लिए दोबारा कार्रवाई की।

पिछली कार्रवाई में बिजली का खंभा गिरने से डॉक्टर हुए थे घायल

इससे पहले हुई कार्रवाई के दौरान मशीन से काम करने के दौरान बिजली के तार जेसीबी में उलझ गए थे। तार हटाने के प्रयास के दौरान बिजली का खंभा उखड़कर होम्योपैथिक डॉक्टर कपिल दीक्षित के ऊपर गिर गया था। हादसे में वे घायल हुए थे। शुक्रवार की कार्रवाई के दौरान भी पुलिस बल और निगम का अमला मौके पर मौजूद रहा।

100 साल से ज्यादा पुराने हैं कई मकान

छावनी क्षेत्र में कई मकान और प्रतिष्ठान काफी पुराने हैं। स्थानीय स्तर पर कई भवनों की उम्र 100 वर्ष से अधिक बताई जाती है। रोड चौड़ीकरण के लिए निगम पहले भी इन निर्माणों के बाधक हिस्सों को चिह्नित कर कार्रवाई कर चुका है। शुक्रवार को मथुरावाला बिल्डिंग के भी सड़क की ओर आने वाले बाधक हिस्से हटाए गए। बताया गया कि यह भवन पांच मंजिला है और इसमें बेसमेंट भी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे