home page

इंदौर में भाजपा का विरोध प्रदर्शन, 85 वार्डों में कांग्रेस के पुतले दहन, ‘वंदे मातरम’ का किया सामूहिक गान

 | 
इंदौर में भाजपा का विरोध प्रदर्शन, 85 वार्डों में कांग्रेस के पुतले दहन, ‘वंदे मातरम’ का किया सामूहिक गान


इंदौर, 10 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस की दो पार्षद नेत्रियों द्वारा ‘वंदे मातरम’ के कथित अपमान के विरोध में बड़ा प्रदर्शन किया। शहर के सभी 85 वार्डों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के पुतले दहन किए और सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ का गायन किया।

शहर के विभिन्न इलाकों में भाजपा कार्यकर्ता तिरंगा लेकर एकत्रित हुए। इस दौरान कांग्रेस के पुतलों का जूते-चप्पलों से विरोध जताते हुए दहन किया गया। कार्यक्रम के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ ‘वंदे मातरम’ का नारा बुलंद किया।

भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

भाजपा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि देशभर में कांग्रेस नेताओं द्वारा बार-बार राष्ट्रभावनाओं को आहत करने वाले कृत्य किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि ‘वंदे मातरम’ देश की अस्मिता और बलिदान की प्रतीक है, और इसका विरोध किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। भाजपा नेताओं ने मांग की कि यदि कांग्रेस वास्तव में ‘वंदे मातरम’ का सम्मान करती है, तो संबंधित दोनों पार्षद नेत्रियों को तत्काल पार्टी से निष्कासित करे।

पार्षदों पर कार्रवाई को लेकर सवाल

भाजपा ने आरोप लगाया कि नगर निगम सत्र में पार्षद फौजिया शेख ने ‘वंदे मातरम’ का विरोध किया, जिसका समर्थन रुबीना इकबाल खान ने किया। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस केवल बयानबाजी कर रही है और तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा दे रही है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि कांग्रेस संगठन ने कथित रूप से अन्य बयान को लेकर कार्रवाई की, लेकिन ‘वंदे मातरम’ विरोध के मामले में अब तक सख्त कदम नहीं उठाया गया।

शहरभर में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी

प्रदर्शन के दौरान शहर के अलग-अलग वार्डों में भाजपा के कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न चौराहों और प्रमुख स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए। इस विरोध प्रदर्शन के साथ ही शहर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है और दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे