इंदाैर: भागीरथपुरा में जमीनी हकीकत जानने पहुंचे निगम कमिश्नर, पानी और विकास कार्यों की समीक्षा की
इंदौर, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर के भागीरथपुरा में पूर्व में हुई जल समस्या के बाद क्षेत्र की स्थिति सुधारने के लिए नगर निगम द्वारा जारी कार्यों की समीक्षा करने बुधवार को निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल खुद मैदान में उतरे। उन्होंने अधिकारियों के साथ इलाके की गलियों का निरीक्षण कर चल रहे कार्यों की जमीनी हकीकत जानी और रहवासियों से सीधे संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने नर्मदा जल आपूर्ति, सीवरेज लाइन और सड़कों के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र के 95 प्रतिशत से अधिक हिस्से में पाइपलाइन के माध्यम से पानी की आपूर्ति शुरू हो चुकी है, जबकि शेष क्षेत्रों में टैंकरों से जलापूर्ति की जा रही है।
कमिश्नर ने स्थानीय लोगों से पानी की उपलब्धता को लेकर भी बातचीत की। उन्होंने पूछा कि क्या पानी समय पर मिल रहा है। इस पर रहवासियों ने बताया कि अब नियमित रूप से जलापूर्ति हो रही है, हालांकि कुछ लोगों ने समय को लेकर सुझाव भी दिए। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सड़क निर्माण और रेस्टोरेशन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि किसी प्रकार की लापरवाही न हो। साथ ही, जलापूर्ति के दौरान पानी की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित सैंपलिंग और क्लोरीनेशन प्रक्रिया सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
नगर निगम का कहना है कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्य लगातार जारी रहेंगे और नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

