इंदौर से बड़वानी आ रही यात्री बस-पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत, पिकअप चालक की मौत, दो महिलाएं गंभीर घायल
बड़वानी, 08 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के कुक्षी बायपास मार्ग पर बुधवार दोपहर एक सड़क हादसा हो गया। इंदौर से बड़वानी आ रही एक यात्री बस और महिंद्रा पिकअप की आमने-सामने टक्कर हाे गई। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार दो महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद कुछ समय तक बायपास मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन के अनुसार, हादसा मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। इंदौर से बड़वानी जा रही यात्री बस, जिसमें करीब 25 यात्री सवार थे, की सामने से आ रही महिंद्रा पिकअप से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन सड़क पर ही पलट गया। प्रत्यक्षदर्शी विनय यदुवंशी ने बताया कि टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों ने घायलों की मदद शुरू की।
नासिक के चालक की मौत, अंजड़ की दो महिलाएं घायल
हॉस्पिटल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में पिकअप चालक राहुल चंद्रकांत सिरसाठ (31), निवासी नासिक (महाराष्ट्र), की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस में सवार कविता चौहान बेगलिया (21) और दुर्गेश्वरी राठौर (29), दोनों निवासी अंजड़, गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार वाहनों पर फूटा लोगों का गुस्सा
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बायपास और मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार से दौड़ रहे वाहनों को लेकर नाराजगी जताई। नागरिकों का कहना है कि सामान्य यात्री बसों के अलावा कई स्कूल बसों के चालक भी निर्धारित गति सीमा का पालन नहीं करते, जिससे स्कूली बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा खतरे में रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल बसों और अन्य व्यावसायिक वाहनों की नियमित जांच कराई जाए तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

