home page

इंदौर में अन्नपूर्णा मंदिर के पास नगर निगम की कार्रवाई, 8 से 10 अतिक्रमण हटाए, रहवासियों ने जताई आपत्ति

 | 
इंदौर में अन्नपूर्णा मंदिर के पास नगर निगम की कार्रवाई, 8 से 10 अतिक्रमण हटाए, रहवासियों ने जताई आपत्ति


इंदौर, 16 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर में अन्नपूर्णा मंदिर के पास बुधवार को नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। निगम का अमला पुलिस और राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचा। करीब चार जेसीबी मशीनों की मदद से मंदिर परिसर के आसपास बने 8 से 10 अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान कुछ रहवासियों ने विरोध जताते हुए अपने पास मकान से जुड़े दस्तावेज होने की बात कही।

नगर निगम की टीम कार्रवाई के लिए चार जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची थी। अधिकारियों की मौजूदगी में संबंधित मकानों से सामान बाहर निकाला गया। इसके बाद जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। मौके पर नगर निगम, राजस्व और पुलिस विभाग का अमला तैनात रहा।

कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने नगर निगम की कार्रवाई पर आपत्ति जताई। रहवासियों का कहना था कि वे कई वर्षों से यहां रह रहे हैं और उनके परिवारों का गुजर-बसर भी इसी क्षेत्र में होता है। कुछ लोगों ने रास्ते से संबंधित मुद्दे का भी उल्लेख किया। रहवासी महिला नीमा ने कहा कि वह हार-फूल बनाकर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। उनके अनुसार, उनके पास मकान से जुड़े दस्तावेज हैं। इसके बावजूद नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए मकान तोड़ दिए। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति ने हाईकोर्ट में याचिका दायर करने और मामले में सुनवाई होने की बात कही।

अवरोध करने वालों के फुटेज जुटा रही पुलिस

एसीपी शिवेंदु जोशी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने अवरोध उत्पन्न करने का प्रयास किया था। पुलिस द्वारा घटनाक्रम के फुटेज जुटाए जा रहे हैं। उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान विवाद की स्थिति सामने आई थी, जिसके चलते बुधवार को पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे