home page

इंदौर के खजराना में अवैध कॉलोनी विकसित करने की तैयारी पर निगम का बुलडोजर, ड्रेनेज लाइन और कॉलम हटाए

 | 
इंदौर के खजराना में अवैध कॉलोनी विकसित करने की तैयारी पर निगम का बुलडोजर, ड्रेनेज लाइन और कॉलम हटाए


इंदौर, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में अवैध कॉलोनियों के विकास और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को निगम की टीम ने खजराना क्षेत्र में बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने के उद्देश्य से किए जा रहे निर्माण कार्य को हटाया। मौके पर बिछाई जा रही ड्रेनेज लाइन और बनाए गए कॉलम को ध्वस्त कर दिया गया।

कार्रवाई जोन क्रमांक 8 के अंतर्गत ग्राम खजराना स्थित खसरा नंबर 523/2 की जमीन पर की गई। नगर निगम को सूचना मिली थी कि संबंधित जमीन पर बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए ड्रेनेज लाइन बिछाने और कॉलम निर्माण का काम कराया जा रहा था। सूचना के बाद निगम की रिमूवल गैंग मौके पर पहुंची और अवैध रूप से किए गए निर्माण को हटाने की कार्रवाई की।

राजस्व रिकॉर्ड में चार लोगों के नाम दर्ज

नगर निगम के अनुसार, संबंधित जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में तुलसीराम पिता दुर्गाशंकर रघुवंशी, सविताबिहारी पिता तुलसीराम, हेमेन्द्र पिता प्रमेन्द्र सिंह और रेणु पति रघु परमार के नाम दर्ज हैं। यहां कॉलोनी विकसित करने के लिए प्रारंभिक निर्माण गतिविधियां किए जाने की सूचना मिली थी।

अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा

आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान कॉलोनी सेल की एई टीना सिसोदिया, भवन अधिकारी सुनील जादोन और मुख्यालय के भवन निरीक्षक मौजूद रहे। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर ड्रेनेज लाइन और कॉलम सहित अन्य अनधिकृत संरचनाओं को हटाया। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने और अनधिकृत निर्माण करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। निगम की इस कार्रवाई को अवैध कॉलोनी निर्माण पर नियंत्रण की दिशा में उठाए गए कदम के रूप में देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे