home page

इंदौर में ट्रक से सड़क पर गिरा केमिकल, राहगीरों की आंखों में हुई जलन

 | 
इंदौर में ट्रक से सड़क पर गिरा केमिकल, राहगीरों की आंखों में हुई जलन


इंदौर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। इंदौर के लसूडिया इलाके में शनिवार दोपहर एक ट्रक से केमिकल सड़क पर गिरने से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सड़क से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने आंखों में जलन और खुजली की शिकायत की। सूचना मिलते ही लसूडिया पुलिस के साथ नगर निगम और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित सड़क को पानी से साफ कराया।

विजय नगर एसीपी पराग सैनी के मुताबिक, घटना शनिवार दोपहर लसूडिया थाने के सामने पंचवटी इलाके की है। एक ट्रक मांगलिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक से केमिकल सड़क पर गिर गया। केमिकल के संपर्क में आने के बाद कुछ राहगीरों ने आंखों में जलन और खुजली की शिकायत की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने सड़क पर फैले केमिकल को पानी डालकर साफ किया। इसके लिए करीब 5 हजार लीटर पानी का इस्तेमाल किया गया। सफाई के बाद सड़क को आवागमन के लिए सुरक्षित किया गया।

ट्रक की तलाश, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस के मुताबिक, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ट्रक में कौन-सा केमिकल भरा था और वह सड़क पर किस वजह से गिरा। ट्रक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ट्रक और उसमें लदे केमिकल की जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे