home page

अनूपपुर: विश्व आदिवासी दिवस पर मूलनिवासियों ने निकाली रैली, आदिवासी गीतों पर थिरके

 | 
अनूपपुर: विश्व आदिवासी दिवस पर मूलनिवासियों ने निकाली रैली, आदिवासी गीतों पर थिरके


अनूपपुर: विश्व आदिवासी दिवस पर मूलनिवासियों ने निकाली रैली, आदिवासी गीतों पर थिरके


अनूपपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश अनूपपुर जिले में विश्व मूलनिवासी दिवस पर रविवार को मूलनिवासी समाज द्वारा उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विश्व मूलनिवासी दिवस उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे महिला-पुरुषों और युवाओं ने अपनी संस्कृति एवं परंपराओं की झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम की शुरुआत में बजे इंदिरा तिराहे से रैली निकालकर की गई। रैली में आदिवासी समाज के लोग हाथों में विभिन्न संदेशों से जुड़ी तख्तियां लेकर शामिल हुए। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अमरकंटक तिराहे पहुंची। यहां आदिवासी समाज के लोगों ने पारंपरिक गीत-संगीत पर जमकर नृत्य किया। ढोल-मांदर की थाप और आदिवासी गीतों से माहौल उत्सवमय हो गया। महिला, पुरुष और युवाओं ने सामूहिक रूप से नृत्य कर अपनी संस्कृति और परंपरा का प्रदर्शन किया।

आयोजकों ने बताया कि विश्व मूलनिवासी दिवस का उद्देश्य मूलनिवासी समाज की शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति संरक्षण, सामाजिक न्याय, आर्थिक विकास तथा संवैधानिक एवं राजनीतिक अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के माध्यम से समाज के लोगों को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश भी दिया गया।

रैली के बाद पंच महातत्व एवं प्रकृति शक्ति की पूजा-अर्चना तथा मंचीय उद्घाटन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में आदिवासी संस्कृति से जुड़े गीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। आयोजन में बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे और उन्होंने विश्व मूलनिवासी दिवस को एकजुटता, संस्कृति संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के संकल्प के रूप में मनाया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला