उज्जैन में नगर निगम के भवन अधिकारी सह फायर ऑफिसर को होटल संचालक के पुत्र ने मारे थप्पड़
उज्जैन, 08 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में निगम का एक अधिकारी बुधवार को जब फायर एनओसी जांचने गया तो होटल संचालक के पुत्र ने उसके साथ जमकर मारपीट की। शासकीय दस्तावेज उठाकर फेक दिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
उज्जैन शहर में महाकाल महालोक बनने के बाद महाकाल मंदिर परिक्षेत्र में लोगों ने अपने मकानों को होटल,गेस्ट हाउस में बदल दिया है। इन होटलों और गेस्ट हाउसों में आग लगने पर सुरक्षा इंतजाम है या नहीं,इन्हे देखने और निरीक्षण करने के लिए निगमायुक्त ने फायर ऑफिसर एवं झोनों के भवन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
नगर निगम के झोन क्रं.4 से 6 के भवन अधिकारी एवं प्रभारी फायर ऑफिसर एलएन साहू ने बताया कि वे निगमायुक्त के निर्देश के तहत होटलों,गेस्ट हाउसों में जाकर फायर एनओसी/ऑडिट के दस्तावेज मांग रहे हैं। गेस्ट हाउस होने पर अग्निरोधी उपकरण देखकर जांच रहे हैं। इसी सिलसिले में वे बुधवार को दोपहर में जयसिंहपुरा क्षेत्र स्थित होटल पीतांबरा रेसीजेंसी में जांच करने गए। मौके पर चार मंजिला होटल के मालिक का पुत्र विकास आरोण्या और होटल के कर्मचारी मिले। जब उनसे फायर एनओसी/ऑडिट संबंधी दस्तावेज मांग और निरीक्षण करने की अनुमति मांगी तो वे बिखर गए। पहले उन्होने गाली गलोच की। इसके बाद धक्का दिया और थप्पड़ मारने लगे। उनके शासकीय दस्तावेज भी टेबल से उठाकर फैंक दिए। जबकि उन्होने अपना परिचय पत्र भी संबंधित को दिखाया था। साहू ने बताया कि उन्होंने इस घटना की जानकारी अपने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
सीसीटीवी फुटेज किए बरामदनगर निगम के सहायक यंत्री साहू झोन क्रं.4 से 6 के भवन अधिकारी और फायर ब्रिगेड के प्रभारी अधिकारी हैं। इसी के दृष्टिगत वे संबंधित होटल में पहुंचे थे। यह पूरा मामला वहां लगे सीसीटीवी में रिकार्ड हो गया। इधर महाकाल थाना पुलिस को सूचना मिली तो मौके पर पहुंची ओर सीसीटीवी रिकार्डर से घटना से संबंधित फुटेज निकाल लिए,ताकि कोई उसे नष्ट न कर दे। इसके बाद पुलिस ने साहू के आवेदन पर आरोपी विकास के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। पुलिस ने बताया कि विकास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 132(अ), 121, 151 और 324 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
अधिकारी कर्मचारी हो गए आक्रोशितनिगम अधिकारी के साथ इसप्रकार हुई मारपीट की घटना की जानकारी लगने तथा सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर आने के बाद नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। वे सभी निगम के कर्मचारी संघ कार्यालय में एकत्रित हो गए तथा हड़ताल की मांग कर डाली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

