पिपलियामंडी में आगे चल रहे ट्रक से टकराया तेज रफ्तार कंटेनर, दो घायल
मंदसौर, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के पिपलियामंडी में शनिवार रात तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक आगे चल रहे ट्रक की ट्रॉली में पीछे से जा घुसा। हादसा रात करीब 11 बजे पिपलियामंडी चौपाटी पर वाइन शॉप के सामने हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में कंटेनर में सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से मंदसौर जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, पंजाब के लुधियाना से लोहे से भरा कंटेनर लेकर चालक महाराष्ट्र के औरंगाबाद जा रहे थे। कंटेनर में बब्बू सिंह (50) और राय दास (25), दोनों निवासी फिरोजपुर (पंजाब), सवार थे। नीमच और मंदसौर होते हुए जाते समय पिपलियामंडी चौपाटी के पास उनका कंटेनर आगे चल रहे ट्रक की ट्रॉली से टकरा गया।
बब्बू सिंह के मुताबिक, आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इस दौरान कंटेनर के ब्रेक समय पर नहीं लग पाए, जिससे वह ट्रक में पीछे से जा घुसा। हादसे में राय दास के पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि बब्बू सिंह के हाथ और पैर में चोटें आई हैं।
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद थड़ोद टोल प्लाजा की एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों का उपचार जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

