home page

गांव, बस्ती और शहर में भाजपा मजबूत होगी तभी भारत बनेगा शक्तिशाली राष्ट्र: कैलाश विजयवर्गीय

 | 
गांव, बस्ती और शहर में भाजपा मजबूत होगी तभी भारत बनेगा शक्तिशाली राष्ट्र: कैलाश विजयवर्गीय


सतना, 8 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बुधवार को सतना प्रवास पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिगनहट में अमृत 2.0 योजना के तहत 4137 लाख रुपये की लागत से बनने वाले फिल्टर प्लांट, एनीकट और पाइपलाइन बिछाने के कार्य का शुभारंभ किया। साथ ही उमा रिसॉर्ट में आयोजित ‘गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान की कार्यशाला में शामिल हुए और जैतवारा में नगर परिषद के नवीन भवन का लोकार्पण भी किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि भारत को शक्तिशाली राष्ट्र बनाने के लिए जरूरी है कि गांव, बस्ती और शहर स्तर पर भाजपा मजबूत हो। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ कार्य करती आई है और पार्टी के लिए देश सर्वोपरि है।

उन्होंने भाजपा की स्थापना का उल्लेख करते हुए कहा कि 6 अप्रैल 1980 को जब पार्टी की शुरुआत हुई थी, तब किसी ने नहीं सोचा था कि यह एक दिन दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और बस्ती-बस्ती जाकर पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाएं।

सांसद गणेश सिंह ने भाजपा को देश का सबसे जिम्मेदार राजनीतिक दल बताते हुए कहा कि पार्टी अपने मूल एजेंडे से कभी पीछे नहीं हटी, यही कारण है कि वह आज जनता के दिलों में जगह बनाए हुए है। वहीं जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पांडेय ने कहा कि ‘गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर संगठन को और मजबूत करेंगे।

इस मौके पर मंत्री विजयवर्गीय ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही के कारण कई बार बड़ी दुर्घटनाएं हो जाती हैं, इसलिए सभी जिम्मेदार लोग सतर्क रहें ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

कार्यक्रम में विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, विधायक विक्रम सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, महापौर योगेश ताम्रकार, नगर निगम अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी, पूर्व महापौर ममता पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने मीसाबंदियों के परिजनों का सम्मान करते हुए उन्हें शॉल-श्रीफल भेंट किए।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी