अनूपपुर: भीषण गर्मी में कक्षा 8वीं तक की छुट्टी, 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं यथावत
अनूपपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले मे गर्मी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। वही इस भीषण गर्मी से विद्यालय के बच्चे भी अछूते नहीं हैं। कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने रविवार को एक नया आदेश जारी किया हैं जिसमे 30 अप्रैल तक कक्षा 8वीं तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है।
9-12 तक की कक्षायें प्रात: 07 बजे 12 यथावत
जिला शिक्षा अधिकारी टीआर आर्मो ने जारी आदेश में कहा है कि जिले में दिन के तापमान में लगातार वृद्धि होने के कारण शिक्षण संस्थाओं में अध्यय स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए प्री-प्रायमरी से कक्षा 8वीं तक के समस्त शासकीय/अशासकीय/केन्द्रीय विद्यालय/सी.बी.एस.ई/ अन्य मान्यता प्राप्त समस्त शालाओं में अध्ययनरत छात्रों के लिए 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित किया जाता है। इस दौरान कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए अध्यापन का समय प्रातः 07 बजे 12 बजे तक यथावत रहेगा और शिक्षक विद्यालय में नामांकन, अपार आईडी, साइकिल एवं पुस्तक संबंधी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल में पूर्ण करेंगे। शासन द्वारा पूर्व से निर्धारित परीक्षा आदि आवश्यक कार्यक्रम यथावत समय सारणी अनुसार संचालित रहेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।
वहीं रविवार की दोपहर में जिले में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया हैं। मौसम विभाग के अनुसार तापमान 42-43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

