भोपाल में डोल ग्यारस पर निकला गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन जुलूस, विभिन्न समाजों की झांकियां हुईं शामिल
- नीम करोली बाबा-अहिल्याबाई के रूप में सजे कलाकारों ने बांधा समां
भोपाल, 22 सितम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार को डोल ग्यारस पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन जुलूस निकला। पीपल चौक से शुरू हुए जुलूस में भोपाल के राजा और दूल्हे राजा की प्रतिमाओं के साथ विभिन्न समाजों के डोल और झांकियां शामिल हुईं। वहीं नीम करोली बाबा, अहिल्याबाई होल्कर और महात्मा गांधी के रूप में तैयार कलाकारों ने लोगों का ध्यान खींचा।
डोल ग्यारस के अवसर पर पुराने भोपाल में निकले विसर्जन जुलूस की शुरुआत पीपल चौक स्थित पीपल जामा मस्जिद के पास से हुई। जुलूस में सबसे आगे भोपाल के राजा की प्रतिमा रही। इसके पीछे दूल्हे राजा की प्रतिमा, विभिन्न समाजों के डोल और अन्य झांकियां चल रही थीं। जुलूस में धार्मिक और ऐतिहासिक पात्रों के रूप में तैयार कलाकार भी शामिल हुए। नीम करोली बाबा, अहिल्याबाई होल्कर और महात्मा गांधी के रूप में सजे कलाकार लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। कलाकारों ने अलग-अलग करतब भी दिखाए, जिससे जुलूस में शामिल लोगों और सड़क किनारे मौजूद दर्शकों की भीड़ जुटी रही।
पुराने शहर से होते हुए खटलापुरा पहुंचेगा जुलूस
गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन जुलूस शहर के पुराने हिस्से से होकर खटलापुरा मंदिर पहुंचेगा। यहां शाम करीब 7:30 बजे जुलूस का समापन होगा। जुलूस चौक बाजार से आगे बढ़ते हुए लखेरापुरा, भवानी मंदिर, पीरगेट, सेफिया कॉलेज रोड, इमामबाड़ा चौकी, जनकपुरी पानी की टंकी, जुमेराती गेट, सराफा चौक, इब्राहिमपुरा, रंजन पेन कॉर्नर और सुल्तानिया रोड से गुजरेगा। इसके बाद बुधवारा, तलैया काली मंदिर, लिली टॉकीज चौराहा और पीएचक्यू तिराहा होते हुए खटलापुरा मंदिर पहुंचेगा।
बदली ट्रैफिक व्यवस्था
डोल ग्यारस के जुलूस को देखते हुए पुराने शहर में दोपहर 1 बजे से जुलूस खत्म होने तक यातायात व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से बदली गई है। जुलूस जिस मार्ग से गुजरता जाएगा, वहां जरूरत के अनुसार वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी और वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा। पीरगेट, इमामबाड़ा चौकी, जनकपुरी, सुल्तानिया रोड, खटलापुरा और तलैया काली मंदिर के आसपास यातायात पर खास असर रहेगा। पुराने शहर और रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

