home page

जबलपुर : विश्व जनसंख्या दिवस पर मेडिकल कॉलेज में हुआ जागरूकता कार्यक्रम

 | 
जबलपुर : विश्व जनसंख्या दिवस पर मेडिकल कॉलेज में हुआ जागरूकता कार्यक्रम


जबलपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन जबलपुर एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस चिकित्सा महाविद्यालय के सामुदायिक चिकित्सा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में न्यू एकेडमिक ब्लॉक में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. नवनीत सक्सेना एवं सामुदायिक चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आईएमए जबलपुर की अध्यक्ष डॉ. ऋचा शर्मा के संबोधन से हुई। उन्होंने विश्व जनसंख्या दिवस की इस वर्ष की थीम पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी भी देश का भविष्य उसकी युवा पीढ़ी के सपनों, आकांक्षाओं और उन्हें मिलने वाले अवसरों पर निर्भर करता है। उन्होंने युवाओं के सशक्तिकरण और जनसंख्या संबंधी जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया।

इसके बाद डॉ. प्रीति गुप्ता ने विश्व जनसंख्या दिवस की प्रासंगिकता, जनसंख्या नियंत्रण, प्रजनन स्वास्थ्य एवं परिवार नियोजन जैसे विषयों पर जानकारीपूर्ण और रोचक व्याख्यान दिया। अस्पताल अधीक्षक एवं सामुदायिक चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर डॉ. अरविंद शर्मा ने भी उपस्थित चिकित्सकों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जनसंख्या संतुलन एवं स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक चिकित्सा विभाग के स्नातकोत्तर छात्र-छात्राओं ने जनसंख्या जागरूकता पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। वहीं कॉलेज ऑफ नर्सिंग की छात्राओं ने आकर्षक पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से जनसंख्या, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण से जुड़े संदेश दिए।

कार्यक्रम के समापन सत्र में एमबीबीएस के अंडरग्रेजुएट विद्यार्थियों ने विश्व जनसंख्या दिवस विषय पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में एमबीबीएस प्री-फाइनल वर्ष (बैच-2023) के छात्र-छात्राओं, कॉलेज ऑफ नर्सिंग के फैकल्टी एवं विद्यार्थियों, सामुदायिक चिकित्सा विभाग के सभी फैकल्टी सदस्यों और सीनियर रेजिडेंट्स ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. कुलदीप सिंह यादव ने किया। अंत में आईएमए जबलपुर द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सचिव डॉ. शामिख रज़ा ने आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक