सागरः आईएमए भवन निर्माण को मिला बड़ा संबल, विधायक जैन ने स्वीकृत किए 25 लाख रुपये
सागर, 26 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश से सागर में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल की मांग पर स्थानीय विधायक शैलेन्द्र जैन ने शुक्रवार को भवन निर्माण के लिए ₹25 लाख की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की है। इस बड़ी वित्तीय सहायता से भवन निर्माण कार्य को एक नया संबल मिला है।
मुलाकात के दौरान आईएमए सागर के अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद ने विधायक को भवन निर्माण की वर्तमान प्रगति और भविष्य में इसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. साद ने बताया कि भवन निर्माण के लिए अब तक विभिन्न स्रोतों से लगभग ₹56 लाख की राशि जुटाई जा चुकी है। निर्माण कार्य वर्तमान में काफी तेजी से चल रहा है। भवन को पूरी तरह सर्वसुविधायुक्त बनाने, आवश्यक अधोसंरचना, फर्नीचर और अन्य आधुनिक सुविधाओं के लिए लगभग ₹35 लाख की अतिरिक्त राशि की आवश्यकता थी। विधायक शैलेन्द्र जैन द्वारा स्वीकृत किए गए ₹25 लाख से अब इस परियोजना की वित्तीय कमी काफी हद तक दूर हो जाएगी और काम समय पर पूरा हो सकेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को आश्वस्त किया कि यह प्रस्तावित आईएमए भवन केवल डॉक्टरों के बैठने का कार्यालय मात्र नहीं होगा। बल्कि यह सागर और आसपास के क्षेत्रों के लिए चिकित्सा के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा। इस भवन का उपयोग विभिन्न गतिविधियों के लिए किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

