home page

मध्य प्रदेश में 20 आईएएस अफसरों के तबादले, 6 जिलों के कलेक्टर बदले

 | 
मध्य प्रदेश में 20 आईएएस अफसरों के तबादले, 6 जिलों के कलेक्टर बदले


- राजौरा बने प्रशासन अकादमी के डीजी, डॉ. खाड़े मुख्यमंत्री के सचिव नियुक्त

भोपाल, 25 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश सरकार ने अशोक वर्णवाल के मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण करने के महज 24 घंटे के भीतर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए आधी रात को 20 आईएएस अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल के तहत 6 जिलों में नए कलेक्टरों की तैनाती की गई है, वहीं इंदौर संभागायुक्त और मुख्यमंत्री सचिवालय समेत कई महत्वपूर्ण विभागों के शीर्ष अधिकारियों के प्रभार बदले गए हैं।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा शुक्रवार देर रात जारी आदेश के अनुसार, इंदौर के संभागायुक्त डॉ. सुदाम पी. खाड़े को मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव के पद पर पदस्थ किया गया है, जबकि उनकी जगह भास्कर लक्षकार को इंदौर का नया संभागायुक्त बनाया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव नीरज मण्डलोई को जनवरी 2027 में भोपाल में आयोजित होने वाली 'ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट' (जीआईएस) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, इसके साथ ही उन्हें औद्योगिक नीति एवं एमएसएमई विभाग का दायित्व भी दिया गया है। इसके अलावा, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा को प्रशासन अकादमी का महानिदेशक (डीजी) नियुक्त किया गया है।

6 जिलों में नए कलेक्टरों की नियुक्ति

प्रशासनिक बदलावों के तहत रतलाम, शहडोल, अनूपपुर, खरगोन, मंदसौर और आगर मालवा में नए कलेक्टरों की नियुक्ति की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग में पदोन्नति नियम-2025 और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का ड्राफ्ट तैयार करने में अहम भूमिका निभाने वाले अपर सचिव अजय कटेसरिया को रतलाम का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं शहडोल में मिशा सिंह, अनूपपुर में रत्नाकर झा, खरगोन में गुरु प्रसाद, मंदसौर में दिव्यांक सिंह और आगर मालवा में डॉ. शेर सिंह मीना को जिले की कमान सौंपी गई है। खरगोन कलेक्टर भव्या मित्तल के दो वर्ष की स्टडी लीव पर जाने तथा मंदसौर व आगर मालवा की निवर्तमान कलेक्टरों को भोपाल स्थानांतरित किए जाने के बाद यह नई पदस्थापनाएं की गई हैं। इन बदलावों के बाद प्रदेश में महिला कलेक्टरों की संख्या 17 से घटकर 15 रह गई है।

जल संसाधन, ऊर्जा, वन और पीएचई विभागों के प्रभार बदले

विभागों के स्तर पर किए गए बड़े फेरबदल में संदीप यादव को जल संसाधन विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है, जिसके तहत वे केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध नदी जोड़ो परियोजनाओं का काम देखेंगे। नर्मदा घाटी विकास (एनवीडी) का प्रभार राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव ई. रमेश कुमार को सौंपा गया है। वहीं, सचिन सिन्हा को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है और मनीष सिंह को ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। पिछले ढाई वर्षों से औद्योगिक नीति संभाल रहे राघवेंद्र सिंह को वन विभाग का प्रमुख सचिव बनाते हुए आनंद विभाग का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है, जबकि कुमार पुरुषोत्तम को मंडी बोर्ड के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत