सरकारी बैठक में साथ बैठे दिखे आईएएस दंपती, इंदौर और बड़वानी के कलेक्टर हैं पति-पत्नी
इंदौर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित कृषि संबंधी सरकारी बैठक के दौरान भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के एक दंपती साथ बैठे नजर आए। बैठक में दोनों की सीटें आसपास होने के कारण उनकी तस्वीर सामने आई है। इंदौर के कलेक्टर शिवम वर्मा और बड़वानी की कलेक्टर जयति सिंह पति-पत्नी हैं। दोनों की तैनाती इंदौर संभाग के अंतर्गत आने वाले जिलों में है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदौर में अपर मुख्य सचिव (एसीएस) स्तर की कृषि संबंधी बैठक गुरूवार को आयोजित की गई थी। इसमें इंदौर संभाग के विभिन्न जिलों के अधिकारियों के साथ सभी जिलों के कलेक्टरों को भी आमंत्रित किया गया था। बैठक की अध्यक्षता कृषि उत्पादन आयुक्त केसी गुप्ता ने की। बैठक में शामिल कलेक्टरों के लिए निर्धारित बैठने की व्यवस्था के दौरान इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा और बड़वानी कलेक्टर जयति सिंह आसपास बैठे दिखाई दिए।
2013 बैच के आईएएस अधिकारी हैं शिवम वर्मा
शिवम वर्मा 2013 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में इंदौर के कलेक्टर हैं। इससे पहले वह इंदौर नगर निगम में आयुक्त के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। इंदौर प्रदेश का प्रमुख आर्थिक केंद्र है और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला माना जाता है।
जयति सिंह पहली बार बनीं कलेक्टर
जयति सिंह 2016 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में बड़वानी जिले की कलेक्टर हैं। वह इससे पहले मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। डबरा में एसडीएम के रूप में तैनाती के दौरान अवैध खनन के विरुद्ध उनकी कार्रवाई भी चर्चा में रही थी। उस दौरान तत्कालीन मंत्री इमरती देवी ने उन्हें हटाने की मांग उठाई थी।
दोनों अधिकारियों की वर्तमान तैनाती इंदौर संभाग में होने के कारण वे संभागीय स्तर की बैठकों में शामिल होते हैं। कृषि संबंधी बैठक में दोनों के साथ बैठने की तस्वीर सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

