home page

भोपाल के कोलार रोड पर धू-धूकर जली एसयूवी कार, वर्कशॉप कर्मचारियों पर लापरवाही के आरोप

 | 
भोपाल के कोलार रोड पर धू-धूकर जली एसयूवी कार, वर्कशॉप कर्मचारियों पर लापरवाही के आरोप


भोपाल, 16 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के कोलार रोड स्थित चूनाभट्टी इलाके में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती हुंडई क्रेटा एसयूवी में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और लपटें करीब 10 फीट तक उठने लगीं। घटना भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई, जहां पास में इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन, ट्रांसफार्मर और रिहायशी क्षेत्र होने से बड़ा हादसा होने की आशंका बन गई थी।

जानकारी के अनुसार, कोलार रोड पर गार्डन रेजिडेंसी के पास शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे एसयूवी में अचानक धुआं उठना शुरू हुआ। देखते ही देखते आग विकराल हो गई। सूचना मिलते ही कोलार फायर स्टेशन से दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जल चुका था।

ट्रायल के दौरान लगी आग

कार मालिक नितिन रघुवंशी ने आरोप लगाया है कि उनकी हुंडई क्रेटा पिछले 15 दिनों से चूनाभट्टी स्थित सुरजीत हुंडई शोरूम के वर्कशॉप में सुधार कार्य के लिए खड़ी थी। शनिवार को शोरूम कर्मचारी कार को ट्रायल के लिए लेकर निकले थे, तभी चलती कार में आग लग गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हादसे के समय खुद कार मालिक उसी रास्ते से गुजर रहे थे। उन्होंने सड़क पर अपनी कार को जलते देखा तो तुरंत शोरूम में फोन कर जानकारी ली। आरोप है कि कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि कार अभी वर्कशॉप में ही खड़ी है और उस पर काम चल रहा है। इसके बाद नितिन रघुवंशी ने मौके का वीडियो बनाया और सीधे शोरूम पहुंचकर विरोध जताया। उनका आरोप है कि आग लगने के बाद कर्मचारी कार को मौके पर छोड़कर भाग गए।

टल गया बड़ा हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी भीषण थी कि कार के टायर तक जल गए। पास में ट्रांसफार्मर और इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन होने के कारण लोगों में दहशत फैल गई थी। आशंका जताई जा रही थी कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो कार में ब्लास्ट हो सकता था और बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के दौरान सड़क के एक हिस्से पर यातायात भी प्रभावित रहा और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। फिलहाल मामले को लेकर शोरूम प्रबंधन की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे