home page

जबलपुर : आयोग सदस्य की बैठक से नदारद रहे अधिकारी, ठेका सफाई कर्मियों के शोषण पर जताई नाराजगी

 | 
जबलपुर : आयोग सदस्य की बैठक से नदारद रहे अधिकारी, ठेका सफाई कर्मियों के शोषण पर जताई नाराजगी


जबलपुर, 29 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने जबलपुर दौरे के दौरान ठेका सफाई कर्मियों को न्यूनतम वेतन से कम भुगतान किए जाने के मामले को गंभीर बताते हुए स्थानीय प्रशासन पर सवाल उठाए। दो दिवसीय निरीक्षण और बैठकों के बाद शुक्रवार को मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आयोग को सबसे अधिक शिकायतें सफाई कर्मियों के आर्थिक शोषण से संबंधित मिली हैं।

प्रियंक कानूनगो ने कहा कि नगर निगम के प्रतिनिधियों को वीडियो साक्ष्यों के माध्यम से पूरी स्थिति से अवगत कराया गया है। साथ ही श्रम विभाग के अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली लौटने के बाद स्थानीय प्रशासन को नोटिस जारी किया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग से जुड़े सफाई कर्मियों को तय वेतन से आधे से भी कम राशि दी जा रही है, जो श्रमिकों के साथ गंभीर अन्याय है। आयोग इस तरह की अनियमितताओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगा।

कानूनगो ने चंदन वाल्मीकि के मामले का जिक्र करते हुए बताया कि वह वर्षों से रेलवे में ठेकेदार के माध्यम से कार्यरत हैं। आरोप है कि वेतन खाते में आने के बाद ठेकेदार एटीएम से आधी राशि निकाल लेते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से ठेकेदारों को पूरा भुगतान किया जा रहा है, लेकिन कर्मियों तक पूरी राशि नहीं पहुंच रही।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक