इंदौर में होटल संचालक ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में परिवार से मांगी माफी, प्रेमिका से दूर होने से तनाव में था
इंदौर, 06 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के विजयनगर थाना क्षेत्र के मालवीय नगर में एक होटल संचालक ने अपने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें मृतक ने परिवार से माफी मांगते हुए अपनी मौत के लिए स्वयं को जिम्मेदार बताया है।
विजयनगर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मालवीय नगर निवासी कुंदन शर्मा पुत्र नाथूलाल शर्मा अपने घर के निचले हिस्से में ही एक होटल का संचालन करता था। रविवार रात वह रोज की तरह अपने परिवार के सदस्यों के साथ सामान्य रूप से समय बिताने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। सोमवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया, तो परिजन उसे जगाने पहुंचे। कमरे का दरवाजा खोलने पर उसके छोटे भाई ने कुंदन का शव फंदे से लटका हुआ देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। कुंदन के परिवार में उसके पिता और दो भाई हैं, जबकि उसकी मां का कुछ समय पहले ही देहांत हो चुका है।
पुलिस ने जब घटनास्थल की सघन तलाशी ली, तो उन्हें होटल के रोजमर्रा के हिसाब-किताब की एक कॉपी में कुंदन के हाथ से लिखा एक सुसाइड नोट मिला। इस नोट में कुंदन ने अपने पिता और भाइयों से माफी मांगते हुए लिखा कि वह अपनी मर्जी से यह कदम उठा रहा है और उसकी मौत के लिए किसी अन्य व्यक्ति को जिम्मेदार न ठहराया जाए, बल्कि वह स्वयं ही इसके लिए जिम्मेदार है।
शुरुआती पुलिस जांच और परिजनों से पूछताछ में कुंदन की आत्महत्या के पीछे का मुख्य कारण सामने आया है। बताया जा रहा है कि कुंदन का उज्जैन के नागदा की रहने वाली शिवानी नाम की युवती से साल 2011 से गहरा प्रेम संबंध था और दोनों लंबे समय तक साथ रहे थे। हालांकि, कुछ समय पहले किन्हीं कारणों से दोनों का यह रिश्ता टूट गया और वे अलग हो गए। शिवानी से दूर होने के गम में कुंदन गहरे अवसाद और मानसिक तनाव में चला गया था। कुंदन ने अपने सुसाइड नोट में इस दर्द को बयां करते हुए लिखा है मुझे शिवानी से दूर करने वालों का धन्यवाद।
घटना को लेकर पुलिस ने मर्ग कायम कर कुंदन के शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट और कुंदन का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब कुंदन और शिवानी के बीच आखिरी समय में हुई बातचीत, कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

