उमरिया: सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार आर्टिगा कार, मासूम समेत चार की मौत
उमरिया, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में नेशनल हाईवे-43 पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। यहां तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। पुलिस और राहत दल ने घंटों की मशक्कत के बाद घायल और शवों को बाहर निकाला। मृतकों में एक मासूम बच्चा, 2 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र की सिविल लाइन चौकी अंतर्गत भरौला स्थित सिद्धबाबा मंदिर के पास गुरुवार तड़के करीब 3:30 से 4 बजे के बीच हुआ। पुलिस के अनुसार, अर्टिगा कार एमपी-18-जेई-9677 में सवार परिवार अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र के लील्हाटोला गांव से चित्रकूट जा रहा था। परिवार अपनी बेटी को परीक्षा दिलाने के लिए रवाना हुआ था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा ने बताया कि हादसे में ग्राम सरपंच कुलपत सिंह (37), उनकी हेड कांस्टेबल पत्नी सविता सिंह मार्को (32), प्रियंका सिंह और तीन वर्षीय रुद्र प्रताप की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 22 वर्षीय खुशबू मार्को गंभीर रूप से घायल हुई है। बताया जा रहा है कि वह चित्रकूट में आयोजित परीक्षा देने जा रही थी। अस्पताल पहुंचने पर उसकी सांसें थम गई थीं, लेकिन डॉक्टरों ने तत्काल सीपीआर देकर उसे पुनर्जीवित किया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं कार चला रहा चालक ददन हादसे में सुरक्षित बच गया, लेकिन वह गहरे सदमे में है। पुलिस के अनुसार उसकी मानसिक स्थिति सामान्य होने के बाद ही हादसे के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जाएगी। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, सिविल लाइन चौकी का अमला और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी देर तक रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-43 पर सड़क किनारे भारी वाहनों के खड़े रहने से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। परिवहन नियमों के पालन और हाईवे पर अवैध पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण इस मार्ग पर आए दिन जानलेवा हादसे सामने आते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र त्रिपाठी

