मंदसौरः सेना और अर्धसैनिक बलों से सेवानिवृत्त होकर लौटे चार जवानों का स्वागत
मंदसौर, 03 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में राष्ट्र सेवा की मिसाल पेश कर सेवानिवृत्त हुए भारतीय सेना, सीआरपीएफ और बीएसएफ के चार वीर जवानों का अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद और नागरिक समाज द्वारा रविवार को स्वागत सम्मान किया गया। देश की सीमाओं पर अपनी आयु के महत्वपूर्ण वर्ष समर्पित करने के बाद लौटे इन जांबाजों के स्वागत में पूरा जिला उमड़ पड़ा।
साबाखेड़ा के सुरेश राठौर ने सीआरपीएफ में 24 वर्ष की गौरवशाली सेवा पूर्ण की, जिनका मंदसौर और उनके पैतृक ग्राम में जोरदार स्वागत हुआ। इसी प्रकार भोलिया ग्राम के घनश्याम चौहान सीआरपीएफ में 24 वर्ष का सेवाकाल पूरा कर सकुशल लौटे। उनका स्वागत कार्यक्रम मंदसौर के कुशाभाऊ ठाकरे आडिटोरियम से प्रारंभ होकर मंदसौर नगर और दलोदा होते हुए भोलिया ग्राम तक चला, जहां ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर अपने लाडले सपूत की अगवानी की।
बीएसएफ में 39 वर्षों की लंबी और अनुकरणीय सेवा देने के बाद एएसआई शंभू सिंह पंवार का भी सेजपुरिया ग्राम में संगठन और समाजसेवियों द्वारा आत्मीय अभिनंदन किया गया। रविवार को नेनौरा के सुनील कुमार भारतीय सेना से 17 वर्ष की सेवा पश्चात लौटे, जिनकी स्वागत यात्रा पिपलिया मंडी रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होकर नगर परिषद, गांधी चौराया और टीलाखेड़ा बालाजी होते हुए उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंची। वहां प्रधानाध्यापक बालाराम सिसोदिया द्वारा सम्मान के बाद यह यात्रा गांव नेनौरा में भव्य आयोजन के साथ संपन्न हुई।
इन सम्मान समारोहों में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के साथ-साथ समाजसेवी संगठनों, रक्तवीर रेड आर्मी और नगर परिषद पिपलिया मंडी ने भी सहभागिता की। परिषद के जिला अध्यक्ष मुकेश गुर्जर ने सैनिकों के संघर्ष को रेखांकित करते हुए कहा कि सैनिक का जीवन एक कठिन तपस्या है, जो सीमा पर दुश्मनों से लड़ने के साथ-साथ पारिवारिक जिम्मेदारियों का भी बखूबी निर्वहन करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

