home page

गोवंश के अवशेष मिलने पर दमोह में हिंदू संगठनों ने किया विरोध-प्रदर्शन, बाजार कराया बंद

 | 
गोवंश के अवशेष मिलने पर दमोह में हिंदू संगठनों ने किया विरोध-प्रदर्शन, बाजार कराया बंद


गोवंश के अवशेष मिलने पर दमोह में हिंदू संगठनों ने किया विरोध-प्रदर्शन, बाजार कराया बंद


- सड़क पर हुआ हनुमान चालीसा पाठ, आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

भोपाल/दमोह, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के केनूरी नगर के सीताबावरी क्षेत्र में शनिवार सुबह गोवंश के अवशेष मिलने के बाद हिंदू संगठनों और गौ भक्तों ने विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर घंटाघर सहित आसपास का बाजार बंद कराया गया। बाद में व्यापारी महासंघ ने भी बंद को समर्थन दे दिया। प्रदर्शन के दौरान हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और गौ माता की जय के नारे लगाए गए।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह बजरिया सात कसाई मंडी क्षेत्र में गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना हिंदू संगठनों और गौ भक्तों को मिली। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और घटना पर आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अजय खत्री ने बताया कि सीताबावरी क्षेत्र में जहां पहले भी गौहत्या पकड़ी गई थी, उसके करीब 200 मीटर दूर खुले मैदान में घटना की सूचना मिली। उनके मुताबिक मौके से एक गाय को बचा लिया गया, जबकि एक गर्भवती गाय के अवशेष और उसके बच्चे का शव मिला।

भागवत आचार्य बोले- गौहत्या रोकने समाज एकजुट हो

भागवत आचार्य रसराज महाराज ने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पूरे हिंदू समाज को एक मंच पर आकर एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि दमोह जैसे धार्मिक और सनातनी शहर में बार-बार गौहत्या की घटनाएं होना दुखद और शर्मनाक है। उन्होंने सरकार से गौहत्या पर रोक लगाने के साथ बूचड़खानों और ऐसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की धरती संतों और गौ माता की धरती मानी जाती है, इसलिए ऐसी घटनाएं पूरे समाज के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने सभी वर्गों से एकजुट होकर ऐसी घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।

घंटाघर पर हनुमान चालीसा, दुकानदारों से बंद का आग्रह

विहिप जिलाध्यक्ष अजय खत्री ने बताया कि घटना के विरोध में घंटाघर पर हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। गौ भक्तों और हिंदू संगठनों के सदस्यों ने दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने का आग्रह किया। इसी दौरान एक गाय को वाहन में बैठाकर घंटाघर लाया गया, जिसे संगठन के सदस्यों के अनुसार मौके से बचाया गया था। यहां कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए हनुमान चालीसा का पाठ किया।

एक आरोपित पकड़ा गया, तीन की पहचान

सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी थी। मुखबिर तंत्र के माध्यम से तीन संदिग्धों की पहचान की गई है, जबकि एक आरोपित को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस को घटना में इस्तेमाल किए गए नीले रंग के ऑटो के बारे में भी जानकारी मिली है। सीएसपी के अनुसार, मामले में शामिल अन्य लोगों को भी जल्द पकड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि हिंदू संगठनों की ओर से बाजार बंद रखने का निवेदन किया गया था और इसे सांकेतिक रूप से बंद रखा गया। पुलिस ने लोगों से समझाइश भी की।

व्यापारी महासंघ से विवाद के बाद मिला समर्थन

बाजार बंद कराने के दौरान हिंदू संगठनों और व्यापारी महासंघ के बीच कुछ विवाद की स्थिति भी बनी। हालांकि बाद में व्यापारी महासंघ ने बंद का समर्थन कर दिया। इसके बाद व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और घंटाघर के आसपास का बाजार पूरी तरह बंद हो गया। वहीं, विहिप जिलाध्यक्ष अजय खत्री ने जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की नाकामी के कारण दमोह में लगातार गोवंश की हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने मामले में जल्द सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

कलेक्टर ने दिए कार्रवाई के निर्देश

विरोध के बीच कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कसाई मंडी में कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका सीएमओ को मौके पर बुलाकर चिह्नित अतिक्रमणों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। साथ ही खुले में मांस बेचने वाली दुकानों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदौरिया की मौजूदगी में कसाई मंडी चौकी प्रभारी को निलंबित करने के निर्देश भी दिए। प्रशासन की ओर से कार्रवाई और अन्य मांगों पर आश्वासन मिलने के बाद हिंदू संगठनों के सदस्यों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत