home page

राजगढ़ः पानी के लिए हाईवे पर उतरे ग्रामीण, महिलाओं ने खाली मटके रखकर किया चक्काजाम

 | 
राजगढ़ः पानी के लिए हाईवे पर उतरे ग्रामीण, महिलाओं ने खाली मटके रखकर किया चक्काजाम


राजगढ़, 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा-राजगढ़ रोड स्थित हाईवे-52 पर रविवार को पेयजल संकट से परेशान ग्राम कलालपुरा और पीपलबे के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने पानी की समस्या के विरोध में चक्काजाम कर दिया, जिससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात घंटों तक प्रभावित रहा।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं खाली मटके लेकर सड़क पर बैठ गईं, जबकि पुरुषों ने हाईवे के बीच बैठकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में कई दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। नलों में पानी नहीं आ रहा और कई हैंडपंप भी खराब पड़े हैं। भीषण गर्मी में लोगों को पीने के पानी के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने सवाल उठाया कि क्या वे भारत के नागरिक नहीं हैं, जिन्हें पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। ग्रामीणों ने कहा कि गांव के पास मोहनपुरा बांध होने के बावजूद उन्हें पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। उनका आरोप था कि यह पानी की कमी नहीं, बल्कि जल प्रदाय व्यवस्था की विफलता है।

अचानक लगे जाम के कारण ट्रक, बस, कार और दोपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। तेज धूप में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। इधर, जल निगम की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर तकनीकी निरीक्षण किया तथा जल वितरण व्यवस्था को पुनः सुचारु करने की कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक