मंदसौरः संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत पर शव रखकर हाईवे जाम
मंदसौर 04 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के भावगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भंडारिया में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद गुरुवार दोपहर मामला तूल पकड़ गया है। मृतक के परिजनों ने 20 से 25 लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के विरोध में गुरुवार को ग्रामीणों और परिजनों ने भावगढ़ फंटे पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक स्टेट हाईवे बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मृतक हरीश पुत्र गोपाल उर्फ हिरालाल गायरी निवासी ग्राम भंडारिया के परिजनों के अनुसार, बुधवार रात करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच 20 से 25 लोग बाइक पर सवार होकर उनके घर पहुंचे। परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने घर में घुसकर महिलाओं एवं अन्य सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की की और हरीश को एक कमरे में बंद कर गंभीर मारपीट की। परिवार ने आशंका जताई है कि आरोपियों ने हरीश को कोई जहरीला पदार्थ भी पिलाया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद परिजन हरीश को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय मंदसौर लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
घटना के दौरान घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी मौके से भागने लगे। इस दौरान ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जिसे बाद में पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
परिवार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं मामले में दूसरी ओर से सामने आई जानकारी के अनुसार हरीश ने एक युवती के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाई थी। इसी बात को लेकर युवती के भाई और अन्य परिजन हरीश के घर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान विवाद और मारपीट हुई, जिसके बाद हरीश ने जहरीले पदार्थ सेवन कर लिया। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गुरुवार दोपहर भावगढ़ फंटे पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ जुलूस निकालने और उनकी अवैध संपत्तियों ध्वस्त करने की मांग की है।
चक्का जाम के कारण महू नीमच 4 लेन स्टेट हाईवे पर दोनों ओर करीब दो किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई, जिसके कारण सैकड़ो वाहन जाम में फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस के साथ प्रशासनिक महकमा मौके पर पहुंचा, जिसके बाद लोगों को समझाइश दी। करीब ढाई घंटे के बाद प्रदर्शनकारी माने और चक्का जाम खोला।मामले को लेकर एडिशनल एसपी तेर सिंह बघेल ने बताया कि भावगढ़ थाना क्षेत्र का एक युवक संदिग्ध रूप से जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसकी बाद में मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया था, जिसके बाद परिजन भावगढ़ फंटे पर रुक गए थे। प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाइश देकर उन्हें वहां से रवाना कर दिया गया। परिजनों की सभी मांगों और आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी तथा जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

