हाईकोर्ट में नर्सिंग मामले की सुनवाई मान्यता गड़बड़ी में नर्सिंग काउंसिल के रजिस्ट्रार को हाईकोर्ट ने किया तलब, छात्रों को राहत
जबलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति आनंद पाठक एवं न्यायमूर्ति बी. पी. शर्मा की युगल पीठ ने शुक्रवार को 'लॉ स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता विशाल बघेल सहित अन्य संबद्ध याचिकाओं की सुनवाई करते हुए नर्सिंग छात्रों के हित में महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं ।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से माँग की गई कि सरकार के शिफ्टिंग फार्मूले में फीस की अस्पष्टता होने से छात्रों को परेशानी का सामना करना पड रहा है, याचिकाकर्ता ने सरकार के शिफ़िटंग माड्यूल में खामिया बताते छात्र हित में बहुत सारे सुझाव भी दिए हैं, जिसके बाद हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि अनसुटेबल (अयोग्य) नर्सिंग कॉलेजों से सुटेबल (योग्य) कॉलेजों में शिफ्ट किए जा रहे छात्रों से कोई भी अतिरिक्त ट्यूशन फीस नहीं वसूली जाएगी । चूंकि इन छात्रों ने पहले ही संबंधित शैक्षणिक सत्र की फीस जमा कर दी है, इसलिए उन पर दोहरा आर्थिक बोझ नहीं डाला जा सकता । सुटेबल कॉलेज केवल वास्तविक आकस्मिक व्यय जैसे परीक्षा शुल्क, प्रैक्टिकल शुल्क या न्यूनतम पर्यवेक्षण शुल्क ही ले सकेंगे ।
हाईकोर्ट ने मध्य प्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल को निर्देश दिया गया है कि वह सभी निजी सुटेबल कॉलेजों के साथ बैठक कर स्थानांतरित छात्रों के लिए शुल्क में एकरूपता सुनिश्चित करे ।
काउंसिल के शिफ्टिंग मड्यूल में खामिया बताते हुए याचिकाकर्ता विशाल बघेल ने अपने सुझाव पेश किए हैं जैसे -
अयोग्य कॉलेजों से फीस वापसी की अधिकतम सीमा 30 दिन तय हो, विफल रहने पर कॉलेज की बैंक गारंटी/एफडीआर से राशि वसूल कर छात्रों को लौटाई जाए और अतिरिक्त क्लिनिकल ट्रेनिंग का खर्च भी अयोग्य संस्था पर डाला जाए । साथ ही, राजसात बैंक गारंटी व जुर्माने की राशि से एक पृथक निधि बनाकर प्रभावित छात्रों को क्षतिपूर्ति सहायता दी जाए तथा SC/ST/OBC छात्रों की छात्रवृत्ति निरंतर जारी रहे ।
श्रेणी 'क' (2 माह प्रशिक्षण) का लाभ देने से पूर्व अयोग्य कॉलेजों द्वारा जमा लॉगबुक व रोगी कल्याण समिति के दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित शासकीय अस्पताल व सीएमएचओ/सिविल सर्जन से कराया जाए; सत्यापन न होने पर छात्र को श्रेणी 'ख' (6-8 माह प्रशिक्षण) में रखा जाए और प्रशिक्षण की अधिकतम समय सीमा तय हो।
मूल निवास की बाध्यता हटाकर पूर्व नर्सिंग परीक्षा के अंकों को मेरिट का आधार बनाया जाए, गृह जिले/संभाग को वरीयता मिले, प्रथम चक्र के बाद मॉप-अप राउंड हो और आवंटन से पूर्व सीबीआई जांच की सूची से छात्र के नाम का मिलान किया जाए।
दोनों पालियों (सुबह 7 से 1 और दोपहर 1 से 7) के संकाय सदस्यों का विवरण पोर्टल पर दर्ज हो तथा आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य की जाए ताकि फैकल्टी डुप्लीकेसी रुके। डबल शिफ्ट केवल स्थानांतरित बैचों तक सीमित रहे और क्लिनिकल पोस्टिंग भारतीय नर्सिंग परिषद (INC) के बिस्तर अनुपात के अनुसार हो।
अयोग्य संस्थाओं पर एफआईआर व ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई हो, पूरी प्रक्रिया का संचालन एक स्वतंत्र नोडल अधिकारी द्वारा किया जाए, शिकायत प्रकोष्ठ बने और प्रक्रिया पूर्ण होने पर कोर्ट में अनुपालन शपथपत्र पेश किया जाए।
उक्त सुझावों को शामिल करते हुए नर्सिंग काउंसिल को अगली सुनवाई से पहले एक समेकित (कंसोलिडेटेड) 'शिफ्टिंग मॉड्यूल' तैयार कर पेश करना होगा ।
नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और योग्य छात्रों को मेरिट के आधार पर कॉलेज आवंटित करने के लिए एमपीएनआरसी और याचिकाकर्ता लॉ स्टूडेंट्स एसोसिएशन को चार सप्ताह के भीतर नई नियमावली का मसौदा तैयार करने का निर्देश दिया गया है ।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता द्वारा 45 निजी कॉलेजों में सरकारी कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स को फर्जी तरीके से फैकल्टी दिखाने और इसमें एमपीएनआरसी रजिस्ट्रार की संलिप्तता के गंभीर आरोप लगाए गए हैं । इस पर संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने काउंसिल के रजिस्ट्रार को अगली सुनवाई में अनिवार्य रूप से व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने का आदेश दिया है ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

