जिला चिकित्सालय में गेट पास के नाम पर अवैध वसूली, शिकायत के बाद कार्रवाई
जबलपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। जिला चिकित्सालय (विक्टोरिया) में मरीजों के परिजनों से गेट पास के नाम पर की जा रही अवैध वसूली के मामले में प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए संबंधित व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई।
मीडिया अधिकारी अजय कुरील के अनुसार अस्पताल परिसर में सायकल स्टैंड ठेकेदार मेसर्स मोहम्मद फारूख अहमद के माध्यम से गेट पास व्यवस्था संचालित की जा रही थी, जिसके तहत भर्ती मरीजों के परिजनों से प्रति व्यक्ति 5 रुपये वसूले जा रहे थे। इस व्यवस्था को लेकर अनियमितताओं और अवैध वसूली की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। शिकायतें द्वारा सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से दर्ज कराई गई थीं।
अस्पताल प्रशासन ने माना कि इस प्रकार की गेट पास व्यवस्था अन्य शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों, जैसे मेडिकल कॉलेज और रानी दुर्गावती चिकित्सालय जबलपुर में लागू नहीं है, जिससे यह व्यवस्था जनहित के विपरीत मानी गई।
सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. नवीन कोठारी ने आदेश जारी करते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अनुबंध वृद्धि न करने का निर्णय लिया है। साथ ही, नई टेंडर प्रक्रिया पूरी होने तक गेट पास व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।
प्रशासन ने संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया है कि वह आर.के.एस. शाखा से समस्त देयकों का भुगतान कर अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
इस कार्रवाई से अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

