जबलपुरः सिविल सर्जन डॉ कोठारी को मिला सीएमएचओ का अतिरिक्त प्रभार, निलंबित डॉ संजय मिश्रा को दायित्व से हटाया
जबलपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने सोमवार को आदेश जारी करते हुए जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ नवीन कोठारी को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) का प्रभार सौंप दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, निलंबित सीएमएचओ डॉ संजय मिश्रा के स्थान पर डॉ कोठारी को तत्काल प्रभाव से सीएमएचओ के अधीन निहित सभी दायित्वों का निर्वहन करने की जिम्मेदारी दी गई है। बताया गया है कि डॉ कोठारी यह दायित्व राज्य शासन द्वारा नियमित पदस्थापना किए जाने या आगामी आदेश तक संभालेंगे। वहीं, डॉ संजय मिश्रा को उनके वर्तमान दायित्वों से मुक्त कर दिया गया है।
नवनियुक्त सीएमएचओ डॉक्टर कोठारी ने चर्चा के दौरान बताया कि उनका मुख्य लक्ष्य जनता के लिए शाशन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के तहत लाभ पहुंचाना। साथ ही आमजन को स्वास्थ्य सुविधा मुहैय्या कराना प्राथमिकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

