home page

मुरैना में झमाझम फुहारों ने बदला मौसम, किसानों के लिए राहत बनकर बरसी बारिश

 | 
मुरैना में झमाझम फुहारों ने बदला मौसम, किसानों के लिए राहत बनकर बरसी बारिश


मुरैना, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में लंबे इंतजार के बाद सोमवार को मुरैना में हुई रिमझिम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। सुबह से शुरू हुई हल्की बारिश दिनभर रुक-रुककर जारी रही, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। वहीं खेतों में नमी पहुंचने से किसानों के चेहरे भी खिल उठे और खरीफ फसलों की बुवाई को नई गति मिलने की उम्मीद जगी।

पिछले करीब दो सप्ताह से जिले में बारिश नहीं होने के कारण तापमान के साथ उमस भी लगातार बढ़ रही थी। सोमवार सुबह आसमान में घने बादल छा गए और करीब नौ बजे बूंदाबांदी शुरू हुई, जो बाद में रिमझिम बारिश में बदल गई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

लगातार होती फुहारों से शहर की कई सड़कों पर पानी जमा हो गया, जबकि नालियों में पानी का बहाव तेज नजर आया। बारिश के चलते लोगों ने भीषण गर्मी और उमस से राहत महसूस की और बाजारों व प्रमुख चौराहों पर फिर से रौनक लौट आई।

इस बारिश का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिला है। पिछले पंद्रह दिनों से पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित हो रही थी। खेतों में नमी की कमी के चलते सोयाबीन और उड़द की बोवनी रुकी हुई थी। सोमवार की बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचने से किसानों ने दोबारा बुवाई का काम शुरू कर दिया है। किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह बारिश होती रही तो खरीफ फसल की स्थिति बेहतर होगी और उत्पादन की उम्मीद भी बढ़ेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा