मंदसौर में झमाझम बारिश, अब तक 14.76 इंच हुई बारिश, शिवना नदी में बढी पानी की आवक
मंदसौर, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर नगर में गुरुवार दोपहर बाद शुरू हुआ बारिश का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। शुक्रवार सुबह बारिश थमने के बाद दोपहर तक कई जगह धूप निकल आई, लेकिन आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही।
पिछले 24 घंटे में जिले में करीब एक इंच बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहाना हो गया है, तापमान में गिरावट आई है और खरीफ फसलों को भी भरपूर नमी मिली है। मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक जिले में मानसून सक्रिय रहने और रुक-रुककर बारिश होने का पूवार्नुमान जारी किया है।
इस मानसून सीजन में अब तक जिले में 14.76 इंच वर्षा दर्ज की जा चुकी है। हालांकि यह आंकड़ा पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में करीब पांच इंच कम है। वर्ष 2025 में इसी अवधि तक जिले में 19.31 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई थी। बावजूद इसके हाल के दिनों में हुई बारिश से जिले में मानसून की गतिविधियां तेज हुई हैं।
जिला मुख्यालय के अलावा अफजलपुर, सीतामऊ, नाहरगढ़, भानपुरा, गरोठ, सुवासरा, शामगढ़, दलौदा, मल्हारगढ़, पिपलियामंडी, नारायणगढ़, डिगांव और बरखेड़ा सहित कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली।
लगातार बारिश और बादलों की वजह से जिले के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को बारिश रुकने के बाद कुछ समय के लिए धूप जरूर निकली, लेकिन बादलों की आवाजाही पूरे दिन बनी रही। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को राहत महसूस हुई। हाल के दिनों में हुई बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी बनी हुई है। किसानों का कहना है कि सोयाबीन, मक्का और उड़द जैसी खरीफ फसलों की बढ़वार के लिए यह बारिश काफी लाभदायक साबित होगी। पर्याप्त नमी मिलने से फसलों के उत्पादन पर भी सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद जताई जा रही है। राजस्थान के प्रतापगढ क्षेत्र में हुई बारिश से शिवना नदी में भी पानी की आवक बढ़ी है जिसके कारण कालाभाटा डेम का एक गेट खोला भी गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

