home page

मध्य प्रदेश में अभी भी सामान्य से कम बारिश, 26 सितंबर तक फिर बरसेंगे बादल, आज 3 जिलों में अलर्ट

 | 
मध्य प्रदेश में अभी भी सामान्य से कम बारिश, 26 सितंबर तक फिर बरसेंगे बादल, आज 3 जिलों में अलर्ट


भोपाल, 23 सितम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मानसून सीजन में अब तक औसत 34.2 इंच यानी 869.3 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है। यह सामान्य बारिश के मुकाबले 91.5 प्रतिशत है और प्रदेश अभी भी सामान्य से कम बारिश की श्रेणी में है। इस बीच बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब आगे बढ़ रहा है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश का एक और दौर शुरू हो गया है। 26 सितंबर तक कई जिलों में बारिश का अनुमान जताया है, जबकि 25 और 26 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हो सकती है।

इससे पहले सोमवार और मंगलवार के दौरान प्रदेश के 33 जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। भोपाल, राजगढ़, रायसेन, विदिशा, सीहोर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, आलीराजपुर, शाजापुर, देवास, खंडवा, रीवा, सिंगरौली, सीधी, सतना, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, निवाड़ी, नर्मदापुरम और बैतूल में बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश सागर के देवरी में 2.4 इंच रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के 100 से ज्यादा शहरों और कस्बों में बारिश हुई।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के आगे बढ़ने के साथ नमी का परिवहन और वायुमंडलीय परिस्थितियां मध्य भारत में बारिश को प्रभावित करेंगी। इसी वजह से 26 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान है। 23 और 24 सितंबर को कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि 25 और 26 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। IMD ने भी बंगाल की खाड़ी के अवदाब के और मजबूत होने की संभावना जताई है।

प्रदेश में अब तक 869.3 मिमी यानी 34.2 इंच बारिश हुई है। सामान्य तौर पर इस अवधि तक 927.5 मिमी यानी 36.5 इंच बारिश होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश सामान्य से 2.3 इंच पीछे है और कुल बारिश करीब 6 प्रतिशत कम है। पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से करीब 2 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 10 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि, पिछले एक सप्ताह में पूर्वी हिस्से के बारिश के आंकड़ों में सुधार हुआ है। जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश सामान्य से करीब 2 प्रतिशत तक कम है। बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, मंडला, रीवा, सागर और सिवनी में सामान्य से 5 प्रतिशत से 22 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है।

पश्चिमी मध्य प्रदेश के आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 7 प्रतिशत से 49 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। वहीं, अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी में अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है।

आने वाले चार दिनों में होने वाली बारिश से प्रदेश के मौजूदा बारिश के आंकड़े में और सुधार की उम्मीद है। हालांकि, बारिश का असर जिलेवार अलग-अलग रहेगा और पश्चिमी हिस्से में अगले कुछ दिनों में पूर्वी मध्य प्रदेश की तुलना में गतिविधि कम रहने का अनुमान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत