home page

सागर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में केसली अव्वल, जिला स्तरीय समीक्षा में मिला पहला स्थान

 | 
सागर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में केसली अव्वल, जिला स्तरीय समीक्षा में मिला पहला स्थान


सागर, 11 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश स्वास्थ्य विभाग द्वारा मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा (सीएम-सीएस) के लक्ष्यों और निर्धारित मानकों की समीक्षा के लिए आयोजित जिला स्तरीय बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केसली ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। वर्ष 2025-26 के प्रदर्शन आंकड़ों के आधार पर जारी रैंकिंग में केसली को 60 में से 45 अंक मिले, जबकि 38 अंकों के साथ देवरी दूसरे स्थान पर रहा।

सागर जिला मुख्यालय पर आयोजित समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न संकेतकों का मूल्यांकन किया गया। केसली को प्रथम स्थान मिलने के पीछे सुरक्षित मातृत्व सेवाओं में सुधार, प्रसव संबंधी बेहतर व्यवस्थाएं, गर्भवती महिलाओं और बच्चों के शत-प्रतिशत टीकाकरण, मरीजों को त्वरित उपचार सुविधा और अस्पताल में भर्ती मरीजों की समुचित देखभाल को प्रमुख कारण माना गया। इसके साथ ही आयुष्मान भारत सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन ने भी केसली को बढ़त दिलाई।

बैठक में देवरी विकासखंड के कार्यों की भी सराहना की गई। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और स्वच्छता मानकों में सुधार के चलते देवरी ने जिले में दूसरा स्थान हासिल किया। हालांकि कुछ तकनीकी सूचकांकों में केसली आगे रहा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने केसली के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर और पूरी टीम को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है।

समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में अभी सुधार की आवश्यकता है, वहां और अधिक गंभीरता से कार्य किया जाए, ताकि आगामी तिमाहियों में भी जिले का प्रदर्शन बेहतर बना रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे