home page

मैहरः जन विश्वास शिविर में कलेक्टर ने अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के निराकरण के दिए निर्देश

 | 
मैहरः जन विश्वास शिविर में कलेक्टर ने अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के निराकरण के दिए निर्देश


मैहर, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत शुक्रवार को विकासखंड की ग्राम पंचायत मड़ई में जनविश्वास शिविर का आयोजन किया गया। विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल,कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी एवं पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह की उपस्थिति में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।

शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधि,विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी मैहर एवं तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश

शिविर में एक आवेदक द्वारा ग्राम पोड़ी में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत प्रस्तुत की गई। कलेक्टर मुखर्जी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार श्री जितेंद्र पटेल को शिविर समाप्ति के बाद तत्काल अतिक्रमण हटाने तथा कार्रवाई की रिपोर्ट उसी दिन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

शराब दुकानों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित करना अनिवार्य

ग्राम सुनवारी स्थित शराब दुकान में निर्धारित एमआरपी से अधिक मूल्य पर शराब विक्रय किए जाने की शिकायत पर कलेक्टर ने आबकारी विभाग के अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले की सभी शराब दुकानों पर निर्धारित दरों की सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने के निर्देश भी दिए, ताकि उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूल न की जा सके।

स्वामित्व रजिस्ट्री पूर्ण करने के निर्देश

कलेक्टरमुखर्जी ने सभी पटवारियों को अपने-अपने हल्कों में नियमित रूप से उपस्थित रहकर राजस्व संबंधी कार्यों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी तीन दिवस में स्वामित्व रजिस्ट्री का कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करने को कहा। निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने वाले पटवारियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।

मुआवजा प्रकरण में लापरवाही पर एई को निलंबित करने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश

शिविर में ग्राम जीतनगर निवासी प्रदीप रजक ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि नर्मदा विकास प्राधिकरण द्वारा नहर निर्माण कार्य के लिए उनकी भूमि का अधिग्रहण किया गया था, लेकिन पिछले वर्ष से अब तक उन्हें मुआवजे की राशि प्राप्त नहीं हुई है। कलेक्टर मुखर्जी ने प्रकरण के निराकरण में लापरवाही बरतने पर नर्मदा विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता प्रखर सिंह के विरुद्ध निलंबन का प्रस्ताव संभागायुक्त को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

शैक्षणिक कार्यों में लापरवाही पर प्राचार्य एवं शिक्षकों को हटाने के निर्देश

स्कूल निरीक्षण के दौरान जब पढ़ाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली, तो उन्होंने बिना देर किए नाराजगी जाहिर की और शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सभी जिम्मेदारों को हटाने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। कलेक्टर का स्पष्ट संदेश था कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी स्कूलों में केवल उपस्थिति दर्ज कराना ही जिम्मेदारी नहीं बल्कि बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना भी अनिवार्य है। कलेक्टर की इस सख्ती को देखकर जनविश्वास शिविर में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ उनके कदम का स्वागत किया। कलेक्टर का यह तेवर उन अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए साफ संदेश है कि जनता की सेवा और बच्चों के भविष्य के प्रति लापरवाही अब नहीं चलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी