home page

अनूपपुर : बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, चार लोग घायल

 | 
अनूपपुर : बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, चार लोग घायल


अनूपपुर : बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, चार लोग घायल


अनूपपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक थाना क्षेत्र के जामकछार घाट पर शनिवार सुबह को बाइकों की आमने-सामने टक्कर से दोनों बाइक पर सवार चार लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है। दोनों को सिर और अंदरूनी चोटें आई हैं।

परिजनों के अनुसार, मिर्चादादर निवासी 28 वर्षीय सुरेंद्र सिंह अपने चचेरे 13 वर्षीय भाई विनोद सिंह के साथ दीपावली की खरीदारी करने दोनिया गांव के बाजार जा रहे थे। दोनों मिर्चादादर से निकलकर जाम कछार घाट से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान सामने से घाट चढ़ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। इस बाइक पर लपटी गांव निवासी 30 वर्षीय संजू यादव और 18 वर्षीय विनोद यादव सवार थे। टक्कर के बाद दोनों बाइक पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। वहां से गुजर रहे गांव के एक व्यक्ति ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। परिजन निजी वाहन से चारों को जिला चिकित्सालय अनूपपुर लेकर पहुंचे।

डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सुरेंद्र सिंह और संजू यादव की गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया। दोनों के सिर और अंदरूनी हिस्सों में चोटें आई हैं। काफी खून भी बह गया था। वहीं, पीछे बैठे विनोद सिंह और विनोद यादव का जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है।

जिला चिकित्सालय में स्थित पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी कमलेश प्रसाद ने बताया कि घायलों में 13 वर्षीय विनोद सिंह, 28 वर्षीय सुरेंद्र सिंह, 30 वर्षीय संजू यादव और 18 वर्षीय विनोद यादव शामिल हैं। विनोद सिंह और सुरेंद्र सिंह मिर्चादादर के रहने वाले हैं, जबकि संजू यादव और विनोद यादव लपटी गांव के निवासी हैं।

परिजनों ने बताया कि विनोद सिंह शासकीय माध्यमिक स्कूल लपटी में आठवीं कक्षा में पढ़ता है। सुरेंद्र सिंह खेती-किसानी करते हैं। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला