हरदा: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, मिनी ट्रक से टकराई बाइक, दो चचेरे भाइयों की मौत
हरदा, 12 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के हरदा जिले के हंडिया थाना क्षेत्र में गुरुवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया।
घर में बहन की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन उसी दौरान बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दोनों युवक बिना किसी को बताए घर से निकले थे और कुछ ही घंटों बाद उनकी मौत की खबर परिवार तक पहुंची।
हादसा गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे कुसिया गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक आगे चल रहे एक मिनी ट्रक (आइशर वाहन) में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान सिराली थाना क्षेत्र के दीपगांव कला निवासी विजय कोरकू (22) और सुधीर कोरकू (25) के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई थे। जिस घर में शादी की रस्में और खुशियों का माहौल था, वहां हादसे की सूचना मिलते ही चीख-पुकार मच गई। परिजनों के अनुसार परिवार में चाचा की बेटी की शादी थी और सभी तैयारियों में व्यस्त थे। इसी बीच विजय और सुधीर शाम को बिना किसी को बताए घर से निकल गए।
पीछे से मिनी ट्रक में घुसी बाइक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। कुसिया के पास उनकी बाइक आगे चल रहे आइशर वाहन से जा टकराई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि दोनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही हंडिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पांच साल के बेटे और तीन साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया
हादसे में जान गंवाने वाले सुधीर कोरकू अपने पीछे पत्नी, पांच वर्षीय बेटे और तीन वर्षीय बेटी को छोड़ गए हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुधीर के बड़े भाई पूनम कोरकू ने बताया कि घर में शादी का माहौल था और सभी लोग तैयारियों में लगे हुए थे। इसी दौरान दोनों भाई बिना बताए घर से निकल गए। उन्होंने कहा कि उन्हें अब तक समझ नहीं आ रहा कि दोनों गांव से इतनी दूर कैसे और किस काम से पहुंचे थे।
देर रात तक नहीं मिली जानकारी
परिजनों के मुताबिक, जब काफी देर तक दोनों युवक घर नहीं लौटे तो किसी ने उनकी चिंता नहीं की, क्योंकि शादी के कार्यक्रमों में सभी व्यस्त थे। लेकिन देर रात हादसे की सूचना मिलने के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया है। आज (शुक्रवार) सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

