home page

दतियाः ओवरफ्लो हुआ हंसापुर बांध, झरने के मनमोहक नजारे देखने उमड़ेंगे सैलानी

 | 
दतियाः ओवरफ्लो हुआ हंसापुर बांध, झरने के मनमोहक नजारे देखने उमड़ेंगे सैलानी


छह मीटर की ऊंचाई से गिरता पानी बना आकर्षण का केंद्र, सावन में हरियाली के बीच बढ़ी खूबसूरती

दतिया/भांडेर, 18 अगस्त (हि.स.)। लगातार बारिश के बाद मध्य प्रदेश के दतिया जिले के भांडेर से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित हंसापुर बांध ओवरफ्लो हो गया है। बांध से छह मीटर से अधिक ऊंचाई से गिरता पानी इन दिनों आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। आसपास की पहाड़ियों और जंगलों पर छाई हरियाली के बीच झरने का मनमोहक दृश्य लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।

बारिश के बाद क्षेत्र का प्राकृतिक सौंदर्य भी निखर उठा है। हंसापुर बांध से बहता पानी झरने का रूप ले लेता है, जो देखने में उत्तराखंड के कैम्पटी फॉल जैसा दृश्य प्रस्तुत करता है। सावन की फुहार, चारों ओर फैली हरियाली और झरने से गिरते पानी की कल-कल ध्वनि यहां आने वाले लोगों को खासा आकर्षित करती है।

हंसापुर बांध की ऊंचाई करीब छह मीटर और चौड़ाई 51.48 मीटर बताई गई है। बांध में करीब 400 हेक्टेयर क्षेत्र में पानी भरा हुआ है। इसकी पार की लंबाई करीब 466 मीटर है, जो कच्ची बनी हुई है। बांध की जल क्षमता 5.031 एमसीएम बताई गई है।

दतिया से झांसी तक पहुंचते हैं पर्यटकहंसापुर बांध का प्राकृतिक दृश्य देखने के लिए हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। दतिया के अलावा झांसी और चिरगांव क्षेत्र से भी सैलानी यहां आते हैं। बारिश के मौसम में सुबह से लेकर देर शाम तक बांध और झरने के आसपास लोगों की आवाजाही बनी रहती है। युवा जहां दोस्तों के साथ प्राकृतिक नजारों का आनंद लेते हैं, वहीं परिवार भी यहां सुकून के पल बिताने पहुंचते हैं।

सावन के दौरान क्षेत्र में हुई बारिश से बांध का झरना अपने पूरे वेग में बह रहा है। पहाड़ियों पर छाई हरियाली और पानी की धार के बीच बना यह प्राकृतिक दृश्य पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बन गया है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में हंसापुर बांध पर बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा