ग्वालियरः जिले में आज 6 जरूरतमंद महिलाएं बनेंगी “शक्ति दीदी”
ग्वालियर, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में नवाचार के तहत जरूरतमंद महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में जिला प्रशासन द्वारा नौकरी दिलाई जा रही है। इसी क्रम में आज बुधवार को 6 जरूरतमंद महिलाएं “शक्ति दीदी” बनेंगीं।
जनसम्पर्क अधिकारी मधु सोलापुरकर ने बताया कि ग्वालियर जिले में महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप हुए शक्ति दीदी नवाचार से जरूरतमंद महिलाओं को लगातार रोजगार मिल रहा है। जिले में वर्तमान में शक्ति दीदी के तहत पहले से ही 101 महिलाएं यह भूमिका सफलतापूर्वक निभा रही हैं।
इस नवाचार के तहत आज कलेक्टर रुचिका चौहान सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुँचकर महिलाओं को “शक्ति दीदी” के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी दिलाएंगे। कलेक्टर प्रात: 11.30 बजे एसआर पेट्रोलियम काल्पी ब्रिज रोड पर मधु, खुशबू व हेमलता को शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपेंगी। इसी तरह गंगा सर्विस स्टेशन वीरपुर में मुस्कान, इन्दु फिलिंग स्टेशन गुड़ागुड़ी का नाका पर शानू खान एवं अलापुर पेट्रोलियम मंथन बैंक्वेट के सामने कविता को शक्ति दीदी के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

