home page

ग्वालियरः शहर में सुगम यातायात के लिए नई सड़कों व फ्लाईओवर की रूपरेखा तैयार

 | 
ग्वालियरः शहर में सुगम यातायात के लिए नई सड़कों व फ्लाईओवर की रूपरेखा तैयार


- सांसद कुशवाह की अध्यक्षता में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

ग्वालियर, 25 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के यातायात को बेहतर व सुगम बनाने के लिये नई वैकल्पिक कनेक्टिविटी सड़कों व फ्लाईओवर निर्माण की रूपरेखा तैयार की गई है। इनका सर्वे करा लिया गया है। सांसद भारत सिंह कुशवाह ने नई कनेक्टिविटी सड़कों व फ्लाईओवर के प्रस्ताव एस्टीमेट सहित शासन की स्वीकृति के लिए भेजने के निर्देश दिए हैं।

सांसद कुशवाह ने सोमवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि प्रस्तावित नई सड़कों में 7 नम्बर चौराहा से लाल टिपारा होते हुए एयरपोर्ट तक सर्कुलर रोड, राजपायगा तिराहे से कस्तूरबा तिराहे तक नाले को पाटकर सड़क निर्माण, आईएसबीटी बस स्टैण्ड से भिण्ड जाने के लिए मलगढ़ा हजीरा थाना चौराहे से महू, विक्रमपुर, भदरौली होते हुए शनिश्चरा रोड तक, तक सड़क, गोले का मंदिर चौराहे पर फ्लाईओवर, बारादरी चौराहा होते हुए हुरावली रोड तक फ्लाईओवर, नाका चंद्रबदनी से मांडरे माता तक सड़क निर्माण, चिरवाई नाका से कस्तूरबा तिराहा तक सड़क, इन्दरगंज से हनुमान चौराहा तक फ्लाईओवर, पुराने एबी रोड पर बहोड़ापुर से गिरवाई नाके से आगे तक फ्लाईओवर निर्माण, सब्जी मंडी से मुरली गार्डन तिघरा रोड इत्यादि शामिल है।

कलेक्ट्रेट में सांसद भारत सिंह कुशवाह की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बैठक में जिला पंचायत की अध्यक्ष दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव, विधायक मोहन सिंह राठौर, पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष केशव सिंह बघेल, भाजपा जिला अध्यक्ष शहर जयप्रकाश राजौरिया व ग्रामीण प्रेम सिंह राजपूत, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, एडीएम सीबी प्रसाद तथा धर्मेन्द्र तोमर, कुलदीप यादव व अनीता खेमरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। साथ ही लोक निर्माण, सेतु संभाग, सड़क विकास प्राधिकरण एवं यातायात व्यवस्था से संबंधित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

बत्ती वाले चौराहों पर धूप व वर्षा से बचाव के लिए लगेंगे शेड

सांसद कुशवाह की पहल पर शहर के व्यस्ततम एवं अधिक ट्रैफिक वाले लाल बत्ती चौराहों – तिराहों पर सोलर पैनल सहित शेड लगने जा रहे हैं। कुशवाह ने अपनी सांसद निधि से इन शेड के निर्माण के लिये 1.20 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इन शेड के बनने से हरी बत्ती का इंतजार करने के दौरान साइकिल व दुपहिया वाहन चालकों एवं पैदल यात्रियों का धूप व बारिश से बचाव हो सके। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में बताया गया प्रथम चरण में शहर के जिन पाँच चौराहों पर यह शेड बनने जा रहे हैं उनमें गोले का मंदिर चौराहा, आकाशवाणी तिराहा, राजमाता तिराहा, कटोराताल चौराहा-अचलेश्वर मंदिर की ओर एवं पड़ाव चौराहा शामिल हैं।

जल्द शुरू होगा आईएसबीटी से बसों का संचालन

सांसद कुशवाह ने आईएसबीटी बस स्टेण्ड को जल्द से जल्द बस आवागमन के लिये शुरू करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में तय किया गया कि इसी माह 31 मई को वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बस ऑपरेटर्स की फायनल बैठक कर आईएसबीटी से बसों का संचालन शुरू कराया जायेगा। प्रथम चरण में भिण्ड व मुरैना की ओर जाने वाली बसें आईएसबीटी से संचालित होंगीं।

हिट एण्ड रन मामलों में 7 परिवारों को 8 लाख की सहायता

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सांसद कुशवाह सहित अन्य अतिथियों ने सरकार द्वारा हिट एण्ड रन मोटरयान दुर्घटना के 7 प्रकरणों में मंजूर की गई 8 लाख रुपये की सहायता राशि के स्वीकृति पत्र भी संबंधित लोगों को सौंपे गए। इनमें सड़क दुर्घटना में मृत हुए स्व. मदन चौहान, स्व. वीरेन्द्र जाटव व स्व. राजेश जाटव के आश्रितों को 2 – 2 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर