home page

ग्वालियरः जिले में पांच जरूरतमंद महिलाएं बनेंगी “शक्ति दीदी”

 | 
ग्वालियरः जिले में पांच जरूरतमंद महिलाएं बनेंगी “शक्ति दीदी”


ग्वालियर, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप हुए शक्ति दीदी नवाचार से जरूरतमंद महिलाओं को लगातार रोजगार मिल रहा है। इस नवाचार के तहत आज शनिवार को पांच जरूरतमंद महिलायें “शक्ति दीदी” बनेंगीं।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि शक्ति दीदी नवाचार के अंतर्गत जरूरतमंद महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में जिला प्रशासन द्वारा नौकरी दिलाई जा रही है। जिले में वर्तमान में शक्ति दीदी के तहत पहले से ही जिले में 107 महिलाएं यह भूमिका सफलतापूर्वक निभा रही हैं।

इसी क्रम में आज कलेक्टर रुचिका चौहान सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुँचकर महिलाओं को “शक्ति दीदी” के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी दिलाएंगे। कलेक्टर दोपहर 12 बजे शहीद गेट बारादरी मुरार स्थित बीपी सेल्स पर नीलम मित्तल व आशा बाथम को शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपेंगी। इसी तरह गणेश पेट्रोलियम काल्पीब्रिज पर नीतू कुशवाह, दर्शन फिलिंग स्टेशन बिरला हॉस्पिटल रोड पर रूबी एवं रामजानकी फिलिंग स्टेशन गदाईपुरा पर सपना बाथम को शक्ति दीदी के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर