home page

ग्वालियर में अग्नि सुरक्षा मेला 29 मार्च से, कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा

 | 
ग्वालियर में अग्नि सुरक्षा मेला 29 मार्च से, कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा


- मेले में अग्नि सुरक्षा प्रबंधनों का होगा प्रदर्शन

ग्वालियर, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में नागरिकों को अग्नि दुर्घटनाओं से सुरक्षित करने के उद्देश्य से 29, 30 व 31 मार्च को अग्नि सुरक्षा मेले का आयोजन ग्वालियर व्यापार मेला परिसर में किया जा रहा है। यह मेला जिला प्रशासन द्वारा समाज के सभी वर्गों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। मेले में अग्नि सुरक्षा से बचने के उपाय, अग्नि सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन, विक्रय के साथ-साथ लाइव प्रदर्शन भी किया जाएगा।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने शुक्रवार की शाम प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अग्नि सुरक्षा मेले की तैयारियों का अवलोकन किया और व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह रावत, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, एकेवीएम की कार्यपालन अधिकारी अनीशा श्रीवास्तव, अपर आयुक्त नगर निगम प्रतीक राव, एसडीएम अतुल सिंह, नरेशचंद गुप्ता सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि अग्नि सुरक्षा मेले में समाज के सभी वर्ग आकर अग्नि सुरक्षा उपकरणों का अवलोकन, उपकरणों के संचालन की प्रक्रिया को समझें, इसके लिये जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अपने-अपने क्षेत्र में व्यापारी संघों एवं गणमान्य नागरिकों से चर्चा कर उन्हें मेले की जानकारी देने के साथ-साथ अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करने की बात कही जाए।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि मेले की सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण हों। मेले में अग्नि सुरक्षा के संबंध में नागरिकों को अधिक से अधिक जानकारी देने के साथ-साथ अग्नि सुरक्षा का लाइव प्रदर्शन भी किया जाए। अग्नि सुरक्षा उपकरण विक्रय करने वाले दुकानदारों को मेले में उचित स्थान एवं व्यवस्थायें मुहैया कराई जाएं ताकि जिले के नागरिकों को सुविधाजनक तरीके से अग्नि सुरक्षा की जानकारी और उपकरण उपलब्ध हो सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर